• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2022
  2. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  3. न्यूज: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022
  4. Mood of UP : Priyanka and Akhilesh attacks Yogi government
Written By
Last Modified: शनिवार, 23 अक्टूबर 2021 (14:18 IST)

प्रियंका-अखिलेश का योगी सरकार पर बड़ा हमला, किसानों को कर रहे हैं परेशान

प्रियंका-अखिलेश का योगी सरकार पर बड़ा हमला, किसानों को कर रहे हैं परेशान - Mood of UP : Priyanka and Akhilesh attacks Yogi government
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में धान खरीद और खाद वितरण में कुव्यवस्था का आरोप लगाते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि योगी सरकार किसानो को परेशान करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है।
 
प्रियंका ने शनिवार को ट्वीट कर कहा, 'धान खरीददारी में कुव्यवस्था के चलते लखीमपुर के एक किसान को मंडी में पड़े धान में आग लगानी पड़ी। खाद वितरण में कुव्यवस्था के चलते ललितपुर के एक किसान की लाइन में खड़े-खड़े मृत्यु हो गई। उप्र की भाजपा सरकार किसानों को प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।'
 
इससे पहले अखिलेश ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा के राज में उप्र में खाद की कमी ने एक बेहद दर्दनाक मोड़ ले लिया है। आज ललितपुर में 2 दिनों से खाद की लाइन में लगे हुए एक किसान की मृत्यु का दुखद समाचार मिला है। श्रद्धांजलि। सरकार मुआवज़े का ऐलान करे। आजाद भारत के इतिहास में किसान कभी भी इतना परेशान व अपमानित नहीं हुआ।'
 
अखिलेश ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि हारते हुए लोगों को हर पल हरानेवाले याद आते हैं। 22 में भाजपा की ऐतिहासिक हार होगी। #बाइस_में_बाइसिकल।
 
इस पर सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि सपा अध्यक्ष की ये बात सौ फीसद सही है। पर, भाजपा के लिए नहीं सपा के लिए। उन्होने कहा कि विधानसभा, लोकसभा से लेकर पंचायत चुनावों में मुंह की खाने के बाद अब अखिलेश को सपने में भी भाजपा से हार का डर सताने लगा है।

यही वजह है कि वह रोज अपनी ऐतिहासिक जीत और भाजपा की हार का दावा करते रहते हैं। कभी-कभी तो जीत वाली सीटों का गणित भी भूल जाते हैं बेचारे। 2022 के विधानसभा चुनावों में सुनिश्चित हार जानकर उनकी दिमागी हालत समझी जा सकती है।
 
ये भी पढ़ें
उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत के लिए प्रियंका गांधी की ‘प्रतिज्ञा’