दिव्यांका त्रिपाठी इंडिया को करेंगी सावधान
कई टेलीविजन सीरियल्स में विभिन्न किरदार निभा चुकीं अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी लाइफ ओके पर प्रसारित हो रहे धारावाहिक ‘सावधान इंडिया’ के एपिसोड में एक वेश्या का किरदार निभाने वाली हैं।दर्शक दिव्यांका को एक विनम्र बहू से लेकर सेवाभावी पत्नी तक कई रोल में देख चुके हैं, मगर अब दिव्यांका अभी तक निभाए गए किरदारों से बिलकुल उलट, सावधान इंडिया के एपिसोड में वेश्या ‘रानी बेगम’ का रोल करने वाली हैं। असल में यह रोल वेश्यावृत्ति के व्यापार से बाहर निकल चुकी एक महिला का है। शो की कहानी के अनुसार रानी बेगम एक ऐसी महिला है जो देह व्यापार में जाने से मना कर चुकी है और अपने अधिकारों के लिए लड़ रही है। वह डांस बार में नाच- गा कर जीविका अर्जित करती है, साथ ही एक संस्थान चलाती है जो वेश्यावृत्ति में धकेली जा रही लड़कियों की मदद करती है। '
सावधान इंडिया' में वास्तविक जीवन में घटने वाली आपराधिक घटनाओं को रोचक अंदाज से प्रस्तुत किया जाता है। इस शो के पीछे चैनल का उद्देश्य अपराधों के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना है। रानी बेगम के एपिसोड की कहानी बिहार की सत्य घटना पर आधारित है। अपने रोल के बारे में बात करते हुए दिव्यांका ने कहा कि मैंने एक महिला के बारे में इंटरनेट पर पढ़ा है। उन्हें रेड लाइट एरिया के लोगों ने अपने वार्ड की पार्षद के रूप में निर्वाचित किया है। इस किरदार को निभाना बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य है। वे कथक डांसर रही हैं और मुझे डांस नहीं आता। मैं फिलहाल कथक सीख रही हूं। दिव्यांका को अफसोस है कि समय की कमी की वजह से वे किसी वेश्या से बात कर उसके जीवन के बारे में नहीं जान पा रही हैं। ऐसा करने से उन्हें किरदार को और अच्छे से निभाने में मदद हो सकती थी।