- वीरेन्द्र ओंकार आर्सेनल के प्रमुख स्ट्राइकर थियरे हेनरी परिचय के मोहताज नहीं हैं। पिछले दिनों आर्सेनल को छोड़ बार्सीलोना से अनुबंध कर उन्होंने क्लब को तगड़ा झटका दिया है। हेनरी ने इस बात की भी संभावना व्यक्त की है कि आर्सेनल के मैनेजर अर्सेन वेंगर भी अगले सत्र में उनके साथ आ जाएँगे।
निश्चित ही क्लब के लिए यह एक दु:खद घटना है क्योंकि क्लब की सफलताओं के पीछे हेनरी का प्रमुख योगदान रहा है। यह विश्वास करना ही मुश्किल है कि आर्सेनल का मैच चल रहा हो और हेनरी मैदान पर नजर न आएँ।
वर्तमान के फुटबॉल में व्यावसायिकता इस कदर हावी है कि खिलाड़ी एवं क्लब दोनों ही एक-दूसरे की प्रतिष्ठा भुनाने में लगे हैं अतः हेनरी का चला जाना आर्सेनल की सफलता पर प्रश्नचिन्ह लगा गया है। उन्हें आर्सेनल में तब जगह मिली थी जब क्लब के सबसे चहेते खिलाड़ी यान राइट निवृत्त हो गए थे।
हेनरी ने बहुत ही कम समय में राइट की कमी को दूर करते हुए यह साबित कर दिया कि वे एक महान खिलाड़ी हैं। उन्होंने पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वयं को आर्सेनल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनाया। उनके क्लब छोड़ने पर जगह लेने वाले खिलाड़ी को न केवल हेनरी की कमी की पूर्ति करना होगी बल्कि अपनी उपयोगिता भी सिद्ध करना होगी।
जुवेंट्स के पैट्रिक नियरा, जो कभी आर्सेनल में हेनरी के साथी खिलाड़ी थे, का मत है कि हेनरी के न होने से आर्सेनल को बहुत बड़ा झटका लगेगा। क्लब के साथ ऐसा पहले भी हो चुका है पर उसने ऐसे झटकों से उबरने में सफलता भी पाई है।
हेनरी एक महान खिलाड़ी हैं और उनकी मौजूदगी बार्सीलोना को निश्चित रूप से बहुत फायदा पहुँचाएगी। विशेष रूप से तब, जब बार्सीलोना में पहले से ही रोनाल्डिन्हो तथा एटो मौजूद हैं। हेनरी का मानना है कि उनका क्लब छोड़ना बोर्ड में चल रहीं गतिविधियों का परिणाम है।
उनसे पूर्व डायरेक्टर डेविड डिएन जा चुके हैं, जो कि वेंगर तथा खिलाड़ियों के बीच बढ़िया तालमेल बैठाते थे और जिनका आर्सेनल को वर्तमान स्थिति तक पहुँचाने में बहुत बड़ा योगदान है।
वेंगर के निर्देशन में आर्सेनल तीन लीग खिताब तथा चार बार एफए कप जीत चुका है और 2006 में टीम चैंपियंस लीग के फाइनल में भी पहुँची है। वेंगर का अनुबंध अगले सत्र के अंत में समाप्त हो रहा है जिसके बाद वे अपने भविष्य के बारे में विचार करेंगे।
|