शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

नागपुर में भारत जीत के करीब

नागपुर में भारत जीत के करीब -
FILE
नागपुर टेस्ट के तीसरे दिन भारत ने न्यूजीलैंड को हार की कगार पर ला खड़ा किया है। भारत ने आज अपनी पहली पारी 566/8 के स्कोर पर समाप्त घोषित की। न्यूजीलैंड के पहली पारी के 193 रनों पर खत्म हुई थी। इस प्रकार भारत को पहली पारी में 373 रनों की बढ़त मिली।

तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने एक विकेट पर 24 रन बना लिए थे। न्यूजीलैंड अब भी भारत से 349 रन पीछे है, जबकि उसके नौ विकेट शेष हैं। अभी दो दिनों का खेल बचा है, जिसमें कोई चमत्कार ही न्यूजीलैंड को हार से बचा सकता है।

भारत ने अपने गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद अपनी मजबूत बल्लेबाजी से न्यूजीलैंड पर गहरा दबाव बना दिया है और उस पर हार का खतरा मंडरा रहा है।

चायकाल के ठीक बाद भारत ने अपनी पहली पारी 566/8 के स्कोर पर समाप्त घोषित की। भारत के इस विशाल स्कोर में राहुल द्रविड़ की 191 रनों की पारी शामिल रही। वे अपने दोहरे शतक से केवल 9 रन दूर रहकर विलियम्सन की गेंद पर आउट हुए। भारतीय पारी को द्रविड़-धोनी की साझेदारी ने मजबूती दी।

भारत ने आज राहुल द्रविड़ के जुझारु शतक और कप्तान महेंद्रसिंह धोनी के 98 रनों की पारी की बदौलत न्यूजीलैंड पर दबाव बना दिया। दोनों बल्लेबाजों ने छठवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाकर न्यूजीलैंड को मैच में संघर्ष करने पर मजबूर कर दिया।

धोनी बदकिस्मत रहे कि अपना पाँचवाँ टेस्ट शतक पूरा नहीं कर पाए। उन्होंने डेनियल विटोरी को अपना विकेट देने से पहले 156 गेंदों पर 98 रन बनाए। धोनी और द्रविड़ ने छठवें विकेट के लिए 193 रन जोड़े।

इससे पहले दिन के खेल की शुरुआत में भारत के तीन बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर (61), वीवीएस लक्ष्मण (12) और सुरेश रैना सस्ते में आउट हुए। इसके बाद द्रविड़ और धोनी ने अपनी दमदार बल्लेबाजी से भारत को मजबूत किया। (वेबदुनिया न्यूज)