• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: कराची , मंगलवार, 6 अप्रैल 2010 (13:03 IST)

पाक हॉकी खिलाड़ी शोएब मलिक के साथ

पाक हॉकी खिलाड़ी शोएब मलिक के साथ -
मुसीबत में फँसे शोएब मलिक के समर्थन में उनके पूर्व साथी क्रिकेटरों के अलावा अब हॉकी खिलाड़ी, टीवी और फिल्म कलाकार और पाकिस्तान की कई नामचीन हस्तियाँ आगे आई हैं।

अनुशासनहीनता के मामले में क्रिकेट से एक साल का प्रतिबंध झेल रहे शोएब के साथ स्टार हॉकी खिलाड़ी रेहान बट, सोहेल अब्बास, शकील अब्बासी और अहमद आलम हैं, जिनका मानना है कि शोएब को भारत में फँसाया गया है।

बट ने कहा यह एक और उदाहरण है, जब भारतीय मीडिया सच्चाई जाने बिना किसी को कटघरे में खड़ा कर रहा है। वह एक भारतीय लड़की से शादी कर रहा है, जो उन्हें हजम नहीं हो रहा।

अब्बासी ने कहा कि शोएब सही है और यदि आयशा सिद्दीकी के पास उनके खिलाफ सबूत हैं तो उसे सामने आना चाहिए।

अभिनेता सउद ने कहा यह शोएब, सानिया और आयशा का निजी मामला है। उन्हें खुद की इसे सुलझाना होगा, लेकिन उनके रंग में भंग डालना ठीक नहीं।

अभिनेत्री मीरा ने कहा कि भारत में भी लोग शोएब के साथ हैं। उन्होंने कहा जिस तरह से मीडिया में उसकी तस्वीर पेश की जा रही है, उसके लिए भारत में भी काफी हमदर्दी है।

इससे पहले 2005 के भारत दौरे पर सिद्दीकी के घर में डिनर में शिरकत करने वाले पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने शोएब का समर्थन करते हुए कहा कि उस समय आयशा से उन्हें मिलाया नहीं गया था। (भाषा)