शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: ग्लास्गो , बुधवार, 30 जुलाई 2014 (15:22 IST)

तैराकी में इंग्लैंड ने जीते 10 स्वर्ण

तैराकी में इंग्लैंड ने जीते 10 स्वर्ण -
FILE
ग्लास्गो। इंग्लैंड ने 8 साल में ऑस्ट्रेलिया को पुरुष 4 गुणा 100 मीटर मेडले रिले में पहली बार शिकस्त देते हुए राष्ट्रमंडल खेलों की तैराकी स्पर्धा में 10 स्वर्ण पदक जीते।

इंग्लैंड ने मंगलवार को एक और उलटफेर भरी जीत दर्ज की, जब 19 साल के बेन प्राउड ने ऑस्ट्रेलिया के कैमरन मैकइवोइ और जेम्स मेग्नुसेन को पुरुष 50 मीटर फ्रीस्टाइल में पछाड़कर खेलों का अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता।

इसके बावजूद हालांकि ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रमंडल खेलों की तैराकी स्पर्धा में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहा। ऑस्ट्रेलिया ने कुल 57 पदक जीते, जो 2006 मेलबोर्न खेलों में 54 पदक के उसके पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से बेहतर है।

ऑस्ट्रेलिया ने 4 गुणा 100 मीटर मेडले और पुरुष 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले का भी स्वर्ण पदक जीता और अपने स्वर्ण पदकों की संख्या को 19 तक पहुंचाया। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया ने 21 रजत और 17 कांस्य पदक भी जीते।

इंग्लैंड के तैराक 10 स्वर्ण, 10 रजत और 8 कांस्य पदक सहित कुल 28 पदक जीतकर दूसरे स्थान पर रहे।

कनाडा ने 4 स्वर्ण सहित 11 जबकि दक्षिण अफ्रीका ने 3 स्वर्ण सहित कुल 12 पदक जीते। मेजबान स्कॉटलैंड तैराकी में 3 स्वर्ण, 3 रजत और 4 कांस्य पदक सहित कुल 10 पदक जीतकर 5वें स्थान पर रहा। (भाषा)