शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Vijay Goyal, Delhi Sports Ground
Written By
Last Modified: गुरुवार, 22 जून 2017 (17:36 IST)

खेल मैदानों को गुलज़ार करना होगा : विजय गोयल

खेल मैदानों को गुलज़ार करना होगा : विजय गोयल - Vijay Goyal, Delhi Sports Ground
नई दिल्ली। केंद्रीय खेलमंत्री विजय गोयल ने कहा कि राजधानी के विभिन्न स्टेडियमों और स्कूलों के खेल मैदानों को गुलज़ार करने की जरूरत है ताकि बड़ी संख्या में खिलाड़ी इन मैदानों का इस्तेमाल कर सकें। माता-पिता ज्यादा से ज्यादा संख्या में अपने बच्चों को इन मैदानों में खेलने के लिए भेजें।

गोयल ने गुरुवार को यहां कहा, हमारा मंत्रालय इस बात को लेकर कड़ी मेहनत कर रहा है कि स्टेडियमों और खेल मैदानों का पूरा इस्तेमाल हो। माता-पिता ज्यादा से ज्यादा संख्या में अपने बच्चों को इन मैदानों में खेलने के लिए भेजें। यह सिलसिला दिल्ली में ही नहीं बल्कि पूरे देश में किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, जितने अधिक बच्चे मैदानों में आएंगे उससे एक तो हमें प्रतिभाएं मिलेंगी और दूसरा देश में खेल संस्कृति का विकास होगा। इससे प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होगी और ज्यादा अच्छे परिणाम सामने आएंगे। हमारी राजधानी में स्लम युवा दौड़ की योजना इसी महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है।

खेलमंत्री ने साथ ही कहा देश में स्कूलों में खेल मैदानों का पूरा इस्तेमाल नहीं हो पाता। छुट्टी के बाद स्कूल बंद हो जाते हैं और खेल मैदान खाली रहते हैं। स्टेडियमों में भी हमेशा खेल गतिविधियां नहीं चलतीं। हम पूरी गंभीरता से काम कर रहे हैं कि स्कूलों और एमसीडी, डीडीए तथा एनडीएमसी के स्टेडियमों का पूरा इस्तेमाल किया जा सके और यहां लगातार खेल गतिविधियां आयोजित की जाएं।

गोयल ने कहा कि राजधानी के ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में बड़ी स्क्रीन लगाना स्टेडियम के इस्तेमाल का ही एक हिस्सा था और इस तरह की स्क्रीन अन्य स्टेडियमों में भी लगाई  जाएगी। यह भी किया जा सकता है कि स्थाई स्क्रीन लगाई जाए, जहां अंतरराष्ट्रीय खेलों का प्रसारण दिखाया जाए।

उन्होंने कहा, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) को ऐसे स्कूलों की सूची बनाने के लिए कहा गया है जिनके पास खेल मैदान तो हैं लेकिन उनमें खेल गतिविधियां नहीं होती हैं। हम लोगों से यह भी सुझाव आमंत्रित करेंगे कि यदि उनके आस पास खाली मैदान हैं तो उनका खेलों के लिए कैसे इस्तेमाल किया जा सकता है।

गोयल ने खेल महासंघों और भारतीय ओलंपिक संघ से भी कहा कि वे अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) द्वारा कई स्पर्धाओं में किए गए  बदलाव की जानकारी हासिल करें और उन्हें मंत्रालय को बताएं ताकि खिलाड़ियों को जरूरत के हिसाब से मदद दी जा सके।

खेलमंत्री ने बताया कि उनके मंत्रालय की महत्वाकांक्षी योजना 'स्लम गोद अभियान' के तहत चल रही युवा स्लम दौड़ के द्वितीय चरण को बुधवार को हरी झंडी दिखाई गई थी जहां उनके साथ पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज भी मौजूद थे। दौड़ का दूसरा चरण 24 जून से 29 जुलाई तक दिल्ली की विभिन्न विधान सभाओं में चलेगा।

स्लम गोद अभियान युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय कि इकाई नेहरू युवा केंद्र के बैनर तले चलाया जा रहा है। नेहरू युवा केंद्र के 11 जिलों में स्लम दौड़ के लिए जोरदार तैयारियां चल रही हैं, सभी 11 जिलों में स्लम दौड़ पूरी होने के बाद 29 जुलाई को एक विशाल मैराथन का आयोजन किया जाएगा जिसका समापन तालकटोरा स्टेडियम में होगा। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
राष्ट्रपति चुनाव : विपक्ष की साझा उम्मीदवार होंगी मीरा कुमार