शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Rio Olympic 2016, wrestler Sakshi Malik, other sports news
Written By
Last Modified: मंगलवार, 23 अगस्त 2016 (22:00 IST)

ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक का होगा भव्य स्वागत

ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक का होगा भव्य स्वागत - Rio Olympic 2016, wrestler Sakshi Malik, other sports news
चंडीगढ़। रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक का कल घर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। रोहताक जिले में स्थित उनके गांव मोखरा में इसके लिए  तैयारियां चल रही हैं। 
साक्षी बुधवार सुबह 3 बजकर 50 मिनट पर नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी तो तब हरियाणा की भाजपा सरकार के कम से कम पांच मंत्री वहां उनकी अगुवाई के लिए मौजूद रहेंगे।
 
हरियाणा के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निदेशक जगदीपसिंह शेरोन ने कहा कि इस अवसर पर वहां जो मंत्री उपस्थित रहेंगे उनमें कविता जैन, राव नरबीरसिंह, मनीष ग्रोवर और विपुल गोयल भी शामिल हैं। 
 
हरियाणा के खेलमंत्री अनिल विज राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ रियो गए  थे और वे साक्षी के साथ वापस लौट रहे हैं। साक्षी ने इससे पहले सुबह ट्वीट किया था, ‘‘आ रही हूं अपने देश, अपने घर। 
 
साक्षी के शानदार स्वागत की तैयारियों के बारे में जगदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर कल रोहतक स्थित साक्षी के गांव जाएंगे जहां भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें लगभग 30 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है।
 
वहां साक्षी को कांस्य पदक जीतने के लिए  राज्य सरकार की तरफ से ढाई करोड़ रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। रोहतक पहुंचने से पहले साक्षी का दिल्ली हरियाणा सीमा पर बहादुरगढ़ में स्वागत किया जाएगा। रास्ते में साक्षी रोहतक जिले के दो गांवों में भी रुकेगी। इनमें इस्माइला गांव भी शामिल है जहां वे अपने मामाजी से मिलेंगी। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
भारत रियो में फुटवाली विश्व टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा