शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. MC Mary Kom
Written By
Last Updated :हो ची मिन्ह सिटी (वियतनाम) , बुधवार, 8 नवंबर 2017 (20:26 IST)

मैरीकॉम को एशियाई चैंपियनशिप में 5वां स्वर्ण

मैरीकॉम को एशियाई चैंपियनशिप में 5वां स्वर्ण - MC Mary Kom
हो ची मिन्ह सिटी (वियतनाम)। भारतीय मुक्केबाजी की ‘वंडरगर्ल’ एमसी मैरीकॉम (48 किलो) ने एशियाई मुक्केबाजी में 5वीं बार स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया जबकि सोनिया लाथेर (57 किलो) को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।
 
5 बार की विश्व चैंपियन और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मैरीकॉम ने उत्तर कोरिया की किम ह्यांग मि को 5-0 से हराया। यह 2014 एशियाई खेलों के बाद मैरीकॉम का पहला अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक है और 1 साल में उनका पहला पदक है।
 
विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता सोनिया को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वे बंटे हुए फैसले में चीन की यिन जोन्हुआ से हार गईं। भारत को इस टूर्नामेंट में 1 स्वर्ण, 1 रजत और 5 कांस्य पदक मिले।
 
 
मैरीकॉम ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में अपना शानदार रिकॉर्ड बरकरार रखा है। वे सभी 6 बार फाइनल में पहुंचीं और बस 1 बार रजत पदक से संतोष करना पड़ा। उसने 2003, 2005, 2010 और 2012 में भी इसमें पीला तमगा जीता था।
 
35 बरस की मैरीकॉम का सामना मि के रूप में सबसे आक्रामक प्रतिद्वंद्वी से था लेकिन वे इस चुनौती के लिए तैयार थीं। अब तक पहले 3 मिनट एक-दूसरे को आंकने में जाते रहे थे लेकिन इस मुकाबले में शुरुआती पलों से ही खेल आक्रामक रहा। मैरीकॉम ने अपनी प्रतिद्वंद्वी के हर वार का माकूल जवाब दिया। 
 
दोनों ओर से तेज पंच लगाए गए। मैरीकॉम उसके किसी भी वार से विचलित नहीं हुईं और पूरे सब्र के साथ खेलते हुए जीत दर्ज की। दूसरी ओर सोनिया का मुकाबला काफी थकाने वाला था। जोन्हुआ ने संतुलित जवाबी हमले किए और अच्छे पंच भी लगाए। 
 
भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के अध्यक्ष अजय सिंह ने भारतीय टीम खासकर मैरीकॉम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मैरीकॉम का स्वर्ण भारत की महिला शक्ति की जीत है। 3 बच्चों की मां ने दिखा दिया कि मन में लगन हो तो कुछ भी हासिल किया जा सकता है। मैं पूरी टीम को बधाई देता हूं। (भाषा)