शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Mahendra Singh Dhoni
Written By
Last Modified: रांची , शनिवार, 25 अक्टूबर 2014 (17:15 IST)

धोनी बने HIL की रांची फ्रेंचाइजी के नए मालिक

धोनी बने HIL की रांची फ्रेंचाइजी के नए मालिक - Mahendra Singh Dhoni
रांची। मोटर स्पोर्ट्स और फुटबॉल के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब हॉकी टीम के भी मालिक बन गए हैं, जब उन्होंने हॉकी इंडिया लीग की रांची फ्रेंचाइजी खरीद ली।
 
धोनी ने सहारा इंडिया परिवार के साथ मिलकर टीम खरीदी है। सहारा इंडिया परिवार पहले ही हॉकी इंडिया लीग की टीम उत्तर प्रदेश विजार्ड्स के मालिक हैं।
 
रांची की नई फ्रेंचाइजी को ‘रांची रेज’ के नाम से जाना जाएगा और यह अगले साल जनवरी-फरवरी में होने वाले लीग के तीसरे सत्र में हिस्सा लेगी। इस मौके पर धोनी स्वयं मौजूद थे और उन्होंने शहर के बड़े होटल में टीम लोगो और जर्सी लांच की।
 
रांची की पिछली फ्रेंचाइजी रांची राइनोज ने पहले सत्र में खिताब जीता था लेकिन इसे फ्रेंचाइजी के मालिकों पटेल पीएस ग्रुप और यूनिएक्सेल ग्रुप तथा लीग के आयोजकों हॉकी इंडिया के बीच विश्वास की कमी के कारण भंग करना पड़ा।
 
नए इंतजाम के तहत धोनी नई रांची फ्रेंचाइजी के ‘प्रिंसीपल ऑनर’ होंगे जबकि सहारा के टीम को ‘लॉजिस्टिकल सपोर्ट’ मुहैया कराने की उम्मीद है।
 
धोनी इससे पहले दो अन्य खेलों में निवेश कर चुके हैं। वह मोटरस्पोर्ट्स टीम माही रेसिंग और इंडियन सुपर लीग टीम चेन्नईयिन एफसी के सहमालिक हैं। (भाषा)