शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Jude Felix Junior Hockey
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , मंगलवार, 22 अगस्त 2017 (21:50 IST)

जूड फेलिक्स बने जूनियर हॉकी टीम के मुख्य कोच

जूड फेलिक्स बने जूनियर हॉकी टीम के मुख्य कोच - Jude Felix Junior Hockey
नई दिल्ली। हॉकी इंडिया (एचआई) ने मंगलवार को पूर्व भारतीय कप्तान जूड फेलिक्स सेबेस्टियन को भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया। 
          
भारतीय टीम का हाल ही में यूरोपियन दौरा काफी सफल रहा था, जिसमें गत वर्ष जूनियर पुरुष टीम के कोर ग्रुप के नौ खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया था। भारतीय टीम के हाई परफार्मेंस निदेशक डेविड जॉन ने भी हॉकी इंडिया के पिछले पांच से छह वर्षों में शुरू किए गए कार्यक्रमों पर जोर देते हुए कहा कि इसका फायदा दिखाई दे रहा है। 
         
जूनियर खिलाड़ी सीनियर टीम में शामिल होने के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं, जिससे ओलंपिक चक्र के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का अच्छा पूल तैयार हो गया है। जूड फेलिक्स के आने के बाद 33 जूनियर पुरुष खिलाड़ियों का समूह अब उनसे ट्रेनिंग लेगा क्योंकि जूनियर टीम विश्वकप में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी।
         
एचआई के हाई परफार्मेंस निदेशक डेविड जॉन ने कहा 'जूड फेलिक्स बतौर पूर्व कप्तान काफी अनुभवी हैं और प्रतिष्ठित कप्तान भी हैं। उनके मार्गदर्शन में हम जूनियर टीम को मजबूत बनाना चाहते हैं। हॉकी इंडिया 2020 और 2024 ओलंपिक खेलों में अच्छे परिणाम चाहता है और हमें उम्मीद है कि जूनियर खिलाड़ी सीनियर टीम में जगह बना सकेंगे।'
 
वर्ष 1995 में अर्जुन अवॉर्ड जीतने वाले फेलिक्स वर्ष 1993 से 1995 तक भारतीय टीम के कप्तान रहे। उन्होंने 1993 विश्वकप और 1994 हिरोशिमा एशियाई खेलों में टीम की कप्तानी की थी। पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने देश के लिए 250 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वह 1988 कोरिया ओलंपिक तथा 1992 बार्सिलोना ओलंपिक के अलावा 1990 पाकिस्तान तथा 1994 सिडनी विश्वकप में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
                
साथ ही उन्होंने 1990 बीजिंग एशियाई खेलों और 1994 हिरोशिमा खेलों के अलावा 1985 आस्ट्रेलिया, 1987 पाकिस्तान तथा 1989 बर्लिन चैंपियंस ट्राफी में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। फेलिक्स को कोचिंग का भी अनुभव है और उन्होंने 1997 से 2000 तक रेसिंग क्लब पेरिस के लिए कोचिंग की। वह हॉलैंड की अंडर-18 राष्ट्रीय टीम के भी कोच रहे हैं।
                  
फेलिक्स ने 2014 में तत्कालीन भारतीय कोच टैरी वॉल्श के साथ सह कोच की भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा 'मैं नई भूमिका को पाकर खुश हूं। जूनियर कोर ग्रुप को राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उनके प्रदर्शन के आधार पर चुना गया है। इस टीम में से अब 18 खिलाड़ियों वाली सुल्तान जोहोर कप के लिए चुना जाएगा।' (वार्ता)
ये भी पढ़ें
करुण नायर की कप्तानी पारी से 'भारत ए' जीता