शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Jaypee Punjab Warriors, hockey tournament
Written By
Last Updated :भुवनेश्वर , रविवार, 7 फ़रवरी 2016 (21:04 IST)

पंजाब वॉरियर्स लौटा जीत की राह पर

पंजाब वॉरियर्स लौटा जीत की राह पर - Jaypee Punjab Warriors, hockey tournament
भुवनेश्वर। जेपी पंजाब वॉरियर्स ने आखिरी 12 मिनट में गजब की वापसी करते हुए दो मैदानी गोल दागकर कलिंगा वॉरियर्स को हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में उसी के घरेलू मैदान में 4-1 से मात दे दी।
 

मैच के पहले दो क्वार्टर में दोनों ही टीमें गोल करने से दूर रहीं, लेकिन तीसरे क्वार्टर के 42वें मिनट में कलिंगा को पेनल्टी कॉर्नर मिला और उसके स्टार खिलाड़ी ग्लेन टर्नर ने गोल करने में कोई गलती नहीं की। कलिंगा ने 1-0 की बढ़त बना ली।
 
आखिरी क्वार्टर शुरू होने के तीन मिनट बाद ही 48वें मिनट में साइमन आरकर्ड ने मैदानी गोल दागते हुए पंजाब को 2-1 से आगे कर दिया। इसके बाद मैच बेहद संघर्षपूर्ण हो चला। कलिंगा जहां बराबरी की कोशिश में थी, वहीं पंजाब अपनी बढ़त को और मजबूत करने के प्रयास में था।
 
मैच में 58वें मिनट में सतवीर सिंह ने शानदार मैदानी गोल किया और पंजाब की टीम 4-1 से आगे हो गई। यह गोल अंतत: निर्णायक साबित हो गया और पंजाब ने मुकाबला जीत लिया। पंजाब की सात मैचों में यह चौथी जीत है और वह 22 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। कलिंगा को सात मैचों में तीसरी हार का सामना करना पड़ा।
 
तालिका में कलिंगा, पंजाब और रांची रेज़ के एक बराबर 22 अंक हैं। कलिंगा बेहतर गोल औसत के आधार पर चोटी पर है। पंजाब दूसरे स्थान पर है जबकि छह मैच खेलने वाली रांची तीसरे स्थान पर है। पंजाब ने अपना पिछला मैच यूपी विजार्डस से चंडीगढ़ में गंवाया था लेकिन इस मैच में उसने वापसी कर ली। 
 
कलिंगा की टीम ने अपने घरेलू मैदान भुवनेश्वर में पिछला मुकाबला दिल्ली वेवराइडर्स से 4-0 से जीता था लेकिन वह उस लय को बरकरार नहीं रख पाया। कलिंगा सोमवार को इसी मैदान में गत चैंपियन रांची रेज़ से खेलेगा जबकि पंजाब वॉरियर्स अपने अगले मुकाबले में दस फरवरी को उत्तर प्रदेश से लखनऊ में भिड़ेंगे। (वार्ता)