शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Jamshedpur FC
Written By
Last Modified: गुरुवार, 28 फ़रवरी 2019 (18:42 IST)

ISL में जमशेदपुर की बेंगलुरु एफसी पर जबरदस्त जीत

ISL में जमशेदपुर की बेंगलुरु एफसी पर जबरदस्त जीत - Jamshedpur FC
जमशेदपुर। जमशेदपुर ने दूसरे हाफ में बेहतरीन वापसी करते हुए बुधवार को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन के मैच में बेंगलुरु एफसी को 5-1 से एकतरफा मात देते हुए लीग का अंत जीत के साथ किया।
 
जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खेले गए इस मैच में एक समय बेंगलुरु ने बढ़त ले ली थी, लेकिन जमशेदपुर ने हार नहीं मानी और पहले हाफ का अंत बराबरी के साथ किया और फिर दूसरे हाफ में दनादन चार गोल करते हुए जीत हासिल की।
 
इस हार से बेंगलुरु के शीर्ष स्थान को नुकसान नहीं हुआ है। यह उसका लीग चरण का आखिरी मैच था और उसके 18 मैचों में 34 अंक हैं। इस मैच के साथ ही जमशेदपुर आईएसएल का सफर समाप्त हो गया है। उसने 18 मैचों में छह जीत, नौ ड्रॉ और तीन हार से हासिल 27 अंकों साथ पांचवें स्थान के साथ लीग का अंत किया है।
 
शानदार फॉर्म में चल रही बेंगुलरू ने शुरुआत अच्छी की और जल्दी ही उसने एक गोल की बढ़त ले ली। बेंगलुरू के लिए 16वें मिनट में सेमोबई हाओकिप ने गोल कर उसे मजबूत कर दिया। इसमें गलती जमशेदपुर के डिफेंस की रही जिसका फायदा हाओकिप को मिला।
 
अगस्तीन फर्नांडेज ने लाइन से गेंद क्लीयर की जो सिसको फर्नांडेज के पास आई। यहां हाओकिप ने गेंद का पीछा किया और जमशेदपुर की गलती का फायदा उठाते हुए गेंद अपने पाले में ली और मौका देखते हुए उसे नेट में डाल बेंगलुरु को 1-0 से आगे कर दिया।
 
एक गोल करने के बाद मेहमान टीम और हावी हो गई। उसने अपनी आक्रामकता में तेजी दिखाई। उसकी इस आक्रामकता से जमशेदपुर पर दबाव बनना लाजमी थी और इसी कारण वह 25वें मिनट में बेंगलुरू को पेनाल्टी दे गई। यहां जमशेदुपर के कप्तान टिरि ने एडमुनी लालरिनडिका पर फाउल किया और रैफरी ने तुरंत बेंगलुरू को पेनल्टी दे दी।
 
मेहमान टीम के पास अपनी बढ़त को दोगुना करने का अच्छा मौका था, लेकिन जमशेदुपर के गोलकीपर सुब्रत पॉल ने सिसको द्वारा ली गई पेनाल्टी पर शानदार बचाव करते हुए बेंगलुरु को दूसरा गोल नहीं कर दिया। सिसको हताश नहीं हुए। 29वें मिनट में उन्होंने गोल करने का एक और प्रयास किया। यहां उन्होंने एक लंबा शॉट खेला, लेकिन सुब्रत ने एक बार फिर उनके शॉट को बाहर कर दिया।
 
जमशेदपुर ज्यादा कुछ नहीं कर पा रही थी। उसने बराबरी की कोशिश के लिए कई मौके बनाने चाहें लेकिन बेंगलुरू के डिफेंस की मुस्तैदी के कारण बॉक्स के अंदर जाना भी उसके लिए मुश्किल हो गया था। पहला हाफ समाप्ति पर था और तभी जमशेदपुर को अगस्तीन फर्नांडेज ने बराबरी पर ला दिया। अगस्तीन की गलती के कारण ही बेंगलुरु को 1-0 की बढ़त मिली और अब इस खिलाड़ी ने अपनी गलती में सुधार करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
 
बराबरी करने के बाद मेजबान टीम में आत्मविश्वास बढ़ गया था और इसी के दम पर उसने दूसरे हाफ में अपनी बढ़त को दमदार खेल दिखाते हुए चार गोल करते हुए बेंगलुरू को हार सौंपी उसने आठ मिनट के भीतर चार गोल करते हुए बेंगलुरु को तगड़ा झटका दिया।
 
दूसरा गोल 54वें मिनट में माइकल सोसाइराज ने किया। इस गोल में उनकी मदद एमरसन गोमेस डी माउरा ने की। बेंगलुरू इस गोल के बाद बने दबाव से अपने आप को बाहर लाती उससे पहले ही 56वें मिनट में पाब्लो मोरगाड ने कार्लोस सोब्राडो की मदद से जमशेदपुर को 3-1 से आगे कर दिया।
 
फिर अगले मिनट में पाब्लो मोरगाड ने अपना दूसरा गोल और जमशेदुपर का चौथा गोल कर बेंगलुरू की वापसी लगभग ना मुमकिन कर दी। जमशेदपुर यहीं नहीं रूकी और कार्लोस काल्वो ने 61वें मिनट में एक और गोल कर अपनी टीम को 5-1 से आगे कर दिया।
 
चार गोल से पिछड़ने के बाद बेंगलुरु के लिए वापसी की राह खत्म सी हो गईं थी। जमशेदपुर ने अच्छा डिफेंसिव खेल खेलते हुए अपनी बढ़त को बनाए रखा और जीत के साथ लीग चरण का अंत किया। (वार्ता) 
चित्र सौजन्य : सोशल मीडिया
ये भी पढ़ें
14 छक्कों की मदद से लगाया रनों का अंबार, अब यह बड़ा फैसला ले सकते हैं क्रिस गेल...