शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Indian women's hockey team, India Scotland hockey tournament
Written By
Last Modified: स्टेलेनबॉश (दक्षिण अफ्रीका) , बुधवार, 2 मार्च 2016 (17:31 IST)

भारत ने स्कॉटलैंड को 3-0 से पीटा

भारत ने स्कॉटलैंड को 3-0 से पीटा - Indian women's hockey team, India Scotland hockey tournament
स्टेलेनबॉश (दक्षिण अफ्रीका)। पूनम रानी के 2 जबरदस्त गोलों की बदौलत भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने दक्षिण अफ्रीका दौरे में एक बार फिर कमाल का प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड के खिलाफ हुए मुकाबले में 3-0 से एकतरफा जीत दर्ज कर ली।
 
मैच का पहला क्वार्टर दोनों टीमों के लिए बराबरी का रहा और उन्होंने एक-दूसरे पर जबरदस्त आक्रमण किया। लेकिन दौरे में पहले भी स्कॉटलैंड को हरा चुकी भारतीय टीम ने अपने उसी प्रदर्शन को दोहराया। मैच के दूसरे क्वार्टर में गोल का सूखा समाप्त करते हुए पूनम रानी ने पेनल्टी कॉर्नर पर कमाल का गोल कर विपक्षी गोलकीपर को छकाते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। 
 
भारत ने अपना दबाव लगातार बढ़ाते हुए गेंद को काफी समय तक अपने कब्जे में रखा और स्कॉटलैंड के डिफेंस को व्यस्त रखा। भारतीय खिलाड़ी वंदना कटारिया ने फिर टीम का दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर विपक्षी टीम को भारी दबाव में ला दिया। 
 
मैच के तीसरे क्वार्टर में टीम इंडिया और अधिक आत्मविश्वास में दिखी। हालांकि महिलाएं काफी प्रयास के बावजूद गोल नहीं कर सकीं और यह क्वार्टर गोलरहित समाप्त हुआ।
 
मैच के चौथे और आखिरी क्वार्टर में भारत ने अपने प्रयास को जारी रखा और पूनम ने मैच में अपना दूसरा और भारत का तीसरा गोल दागते हुए स्कोर 3-0 पहुंचा दिया। भारत ने विपक्षी टीम को गोल करने से रोके रखा और मैच इसी स्कोर के साथ समाप्त हुआ और इसी के साथ टीम इंडिया ने अपने दक्षिण अफ्रीकी दौरे को जीत के साथ समाप्त किया। (वार्ता)