शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. India Pakistan Asian Champions Trophy Tournament
Written By
Last Modified: रविवार, 28 अक्टूबर 2018 (00:28 IST)

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में रविवार को भारत और पाकिस्तान में होगा खिताबी मुकाबला

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में रविवार को भारत और पाकिस्तान में होगा खिताबी मुकाबला - India Pakistan Asian Champions Trophy Tournament
मस्कट। एशियाई हॉकी की दो चिर प्रतिद्वंद्वी टीमों भारत और पाकिस्तान के बीच एशियन चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।
 
 
भारत और पाकिस्तान दोनों को शनिवार को अपने-अपने सेमीफाइनल जीतने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में एशियाई खेलों के रजत विजेता मलेशिया को पेनल्टी शूटआउट में 3-1 से पराजित किया जबकि भारत ने एशियाई खेलों के स्वर्ण विजेता जापान को 3-2 से पराजित किया।
 
विश्व की 5वें नंबर की टीम भारत ने लीग मैच में जापान को 9-0 से हराया था। इससे पहले भारत ने जकार्ता एशियाई खेलों में जापान को ग्रुप मैच में 8-0 से हराया था लेकिन यहां सेमीफाइनल में जापान से पार पाने में भारत को जूझना पड़ गया।

भारत के आकाशदीप सिंह को 'मैन ऑफ द मैच' घोषित किया गया। भारत को 19वें मिनट में गुरजंत सिंह ने मैदानी गोल कर बढ़त दिलाई। हिरोताका वाकुरी ने 22वें मिनट में जापान को बराबरी पर ला दिया। चिंगलेनसाना सिंह ने 44वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर भारत को 2-1 से आगे कर दिया।
 
दिलप्रीत सिंह ने 55वें मिनट में गोल कर भारत को 3-1 से आगे कर दिया लेकिन जापान ने अगले ही मिनट में हिरोताका जेनदाना के गोल से स्कोर 2-3 कर दिया। भारत ने जापान के खतरे को भांपते हुए अपने डिफेंस को मजबूत किया और 1 गोल की बढ़त को बरकरार रखते हुए फाइनल में जगह बना ली।
 
इससे पूर्व पहले फाइनल में पाकिस्तान और मलेशिया के बीच मुकाबला निर्धारित समय में 4-4 से बराबर रहा जिसके बाद पाकिस्तान ने शूटआउट में 3-1 से जीत हासिल की। भारतीय टीम 4थी बार और पाकिस्तानी टीम 5वीं बार फाइनल में पहुंची है।
 
भारत और पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में 2-2 बार चैंपियन रह चुके हैं। भारत ने पाकिस्तान को 2011 में पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से और 2016 में पाकिस्तान को 3-2 से हराकर खिताब जीता था। पाकिस्तान ने 2012 में भारत को 5-4 से और 2013 में जापान को 3-1 से हराकर खिताब जीता था। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
अनुष्का शर्मा ने विराट कोहली के साथ मनाया पहला करवाचौथ, सोशल मीडिया पर तस्वीरें हुईं वायरल