रविवार, 28 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. asian games India beat hong kong by 26-0 in men s hockey match
Written By
Last Updated :जकार्ता , बुधवार, 22 अगस्त 2018 (16:53 IST)

एशियन गेम्स : भारतीय हॉकी टीम ने रचा इतिहास, हांगकांग को 26-0 से हराया

एशियन गेम्स : भारतीय हॉकी टीम ने रचा इतिहास, हांगकांग को 26-0 से हराया - asian games India beat hong kong by 26-0 in men s hockey match
जकार्ता। गत चैंपियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम जब कमजोर हांगकांग के खिलाफ एशियाई खेलों में बुधवार को अपने ग्रुप 'ए' मुकाबले में उतरी तो उसे भी इस बात की उम्मीद नहीं थी कि वह 86 वर्ष पुराना रिकॉर्ड तोड़ 26-0 के स्कोर के साथ अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज कर लेगी।
 
भारतीय टीम ने यहां जीबीके हॉकी फील्ड में अपने पूल 'ए' के मुकाबले में हांगकांग को 26-0 के अंतर से हराया, जो उसकी गोल अंतर के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी जीत है। भारत ने 1932 के ओलंपिक में अमेरिका को 24-1 के अंतर से पीटा था, जो उसकी अब तक की सबसे बड़ी जीत थी। लेकिन हांगकांग के खिलाफ उसने पिछले 86 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
 
भारत ने 18वें एशियाई खेलों के अपने पहले मैच में इंडोनेशिया को 17-0 से हराया था। खेलों में अब तक अपने 2 मैचों में ही पुरुष टीम 43 गोल कर चुकी है और उसके खिलाफ विपक्षी टीमों ने 1 भी गोल नहीं किया है। इससे पहले इंचियोन एशियाई खेलों में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में 20 गोल किए थे।
 
भारतीय टीम ने पहले ही मिनट से गोल का सिलसिला शुरू किया, जो चौथे क्वार्टर तक जारी रहा। पहले हॉफ में ही उसने हांगकांग के खिलाफ 14-0 की बढ़त बना ली जिसमें ललित उपाध्याय, रुपिंदर पाल, हरमनप्रीत ने 4-4 गोल किए। आकाशदीप ने 3 गोल, मनप्रीत और मनदीप सिंह ने 2-2 गोल किए जबकि एसवी सुनील, विवेक प्रसाद, अमित रोहिदास, वरुण कुमार, दिलप्रीत सिंह, चिंगलेनसाना सिंह, सिमरनजीत सिंह ने 1-1 गोल किया।