पक्के इरादे वाले नेता हैं ब्राउन
|
गॉर्डन ब्राउन की असाधारण प्रतिभा और पक्के इरादे पर कभी किसी को शक नहीं रहा और अब उनकी ये विशेषताएँ ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री के रूप में देखने को मिलेंगी, जब वे यह जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
पिछली करीब दो शताब्दियों में गॉर्डन ब्राउन ऐसे एकमात्र नेता रहे हैं जिन्होंने करीब एक दशक तक देश की अर्थव्यवस्था की जिम्मेदारी संभाले रखी।
पिछले करीब एक दशक से टोनी ब्लयेर प्रधानमंत्री रहे और लगभग इतने ही समय से ब्राउन देश के वित्त मंत्रालय के प्रभारी रहे हैं। अब बड़ा सवाल ये है कि प्रधानमंत्री के रूप में गॉर्डन ब्राउन कैसे नेता साबित होंगे।
गॉर्डन ब्राउन के व्यक्तित्व के बारे में दो नजरिए प्रमुख रहे हैं। एक नजरिए के मुताबिक वह ऐसे नेता हैं जिनका इरादा बहुत पक्का है और दूसरे नजरिया ये है कि ब्राउन में कभी-कभी कुछ सनक भी नजर आती है जो किसी नेता के लिए अच्छा नहीं है।
गॉर्डन ब्राउन विवाहित हैं और उनके दो बेटे हैं। ब्राउन का जन्म 20 फरवरी 1951 को स्कॉटलैंड में हुआ था। वह कुछ समय के लिए ग्लासगो में लैक्चरर और टीवी पत्रकार भी रहे हैं। 1983 में वह लेबर पार्टी के सांसद चुने गए।
राजनीति के लिए ब्राउन की दिलचस्पी तभी पैदा हो गई थी जब वह स्कॉटलैंड में बच्चे थे और उनके राजनीतिक विचारों को दिशा उनके पिता से ही मिली। उनके पिता एक ईसाई पादरी थे।
गॉर्डन ब्राउन जब किशोर ही थे तो लेबर पार्टी में शामिल हो गए थे। लेबर पार्टी की राजनीतिक विचारधारा मध्यवर्ती और वामपंथीं विचारों का मिश्रण रही है।
गॉर्डन ब्राउन 1992 में विपक्षी लेबर पार्टी में वित्त मामलों के प्रभारी बनाए गए थे। उस समय कंजरवेटिव पार्टी सत्ता में थी।
सरकार में : टोनी ब्लेयर सरकार के वित्त मंत्री के रूप में गॉर्डन ब्राउन के संबंध उनके साथ काफी उतार-चढ़ाव वाले रहे हैं लेकिन अर्थव्यवस्था के प्रभारी के रूप में उनका रिकॉर्ड खासा सफल कहा जाता है। जब भी लेबर पार्टी के नए स्वरूप का जिक्र होता रहा है तो टोनी ब्लेयर और गॉर्डन ब्राउन ही केंद्र में रहे हैं।
उन्होंने लेबर पार्टी की परंपरागत समाजवादी विचारधारा को पीछे छोड़ दिया और ऐसी विचारधारा को अपनाया जो मध्यमार्गी और वामपंथी विचारों का मिश्रण रही है।
|
अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर गॉर्डन ब्राउन ने खासतौर से अफ्रीका में गरीबी समाप्त करने की ब्रिटेन के प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
वित्त और अर्थव्यवस्थाओं से संबंधित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों और बातचीत में गॉर्डन ब्राउन के काफी प्रभावशाली विचार रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक कूटनीतिक की जैसे उन्हें आदत हो चुकी है।
एक तरह से देखा जाए तो अनेक देशों के मंत्री गॉर्डन ब्राउन को पहले से ही जानते हैं और अब जब वह अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक मंच पर ब्रिटेन के नेतृत्व करेंगे तो उन्हें काफ़ी सुविधा होगी।
छवि : गॉर्डन ब्राउन का राजनीतिक अनुभव उनके लिए नई जिम्मेदारी में मदद भी कर सकता है और बाधाएँ भी खड़ी कर सकता है क्योंकि वह ब्लेयर सरकार के एक सदस्य रहे हैं और ब्लेयर सरकार की नाकामियों में कुछ हिस्सा उनका भी रहा है।
दूसरी तरफ वह विपक्षी कंजरवेटिव पार्टी के नेता डेविड कैमरून के कम राजनीतिक अनुभव के मुकाबले गॉर्डन ब्राउन की कद काफी ऊँचा बैठता है।
यहाँ तक कि खुद लेबर पार्टी में कुछ नेताओं की यह राय रही है कि डेविड कैमरून के सामने ब्राउन की छवि फीकी पड़ सकती है क्योंकि कैमरून ज्यादा जोशीले नजर आते हैं और मीडिया में भी उनकी अच्छी छवि है।
बीबीसी के आर्थिक मामलों के संवाददाता एंड्रयू वॉकर गॉर्डन ब्राउन से अक्सर मिलते रहे हैं और वॉकर ने उनके व्यक्तित्व को नजदीक से देखा है, ऐसे भी मौके आए हैं जब गॉर्डन ब्राउन बहुत दबाव में रहे हैं और दबाव में उनका एक खास तरह का व्यक्तित्व रहा है। मगर अक्सर मौकों पर वह काफी सहज, दोस्ताना, खुली बात कहने वाले और मजाकिया भी रहे हैं।
एंड्रयू वॉकर का कहना है कि जब वह देश के प्रधानमंत्री बन गए हैं तो उन्हें अपने व्यक्तित्व का खुला पहलू आगे बढ़ाना होगा और मजाकिया अंदाज भी जारी रखना होगा।
गॉर्डन ब्राउन की पहली प्राथमिकताओं में से एक ये होगी कि सरकार के बारे में नकारात्मक विचारों को बदलने की कोशिश करें।
इसका मतलब है कि ब्राउन को आम लोगों को यह भरोसा दिलाना होगा कि वह ब्लेयर सरकार के अच्छे कार्यों को जारी रखेंगे लेकिन साथ ही अतीत की जकड़ से भी खुद को बाहर निकालेंगे।
गॉर्डन ब्राउन को लोगों में अपनी छवि सुधारने के लिए भी काम करना होगा। उन्हें अक्सर सनकी और कभी-कभी स्टालिनवादी यानी तानाशाही रवैये वाला नेता भी कहा जाता है इसलिए ब्राउन को अपने साथ काम करने वाले लोगों को साथ लेकर चलन और उनकी सलाह की कद्र करने की कोशिश करनी होगी।
जब कोई नेता सरकार की जिम्मेदारी संभालता है तो ऐसे वादे करना आसान नजर आता है लेकिन जब कठिन फैसले लेने पड़ते हैं जिनसे लोगों के नाराज होने की आशंका होती है तो हालात बहुत मुश्किल भी हो जाते हैं।

