1. धर्म-संसार
  2. »
  3. ज्योतिष
  4. »
  5. आलेख

तीन त्योहारों का मिलन

पर्व की पावन त्रिवेणी

तीन त्योहार
जी हाँ जनाब, इस खुशी के मौके पर मुँह मीठा किए बिना भला कोई कैसे रह सकता है। सेवइयाँ, शीर-खुरमा, जर्दा और खजूर की मिठास ताउम्र रिश्तों में बनी रहे यही बात सिखाती है ईद। बोहरा समाज ने गुरुवार को ईद मनाई। माहे रमजान में रखे रोजे ने कुर्बानी और नेक राह पर चलने का जो सबक सिखाया है उसका जश्न इन बच्चों ने भी एक-दूसरे को सेवइयाँ खिलाकर मनाया।

शनिवार, 11 सितंबर को जहाँ ईद मुबारक कहकर अपनों को गले लगाया जाएगा वहीं मंगल कामना के लिए गणाधिपति को गाजे-बाजे के साथ लाया जाएगा। रसोई से आने वाली मोदक की महक जहाँ घर के आँगन को भी महकाएगी वहीं सेवइयों का स्वाद रिश्तों में और भी मिठास घोल जाएगा। इस संजोग के साथ जो दूसरा संजोग जुड़ा है वह है तपस्या का।

अल्लाह की इबादत में रखे रोजे का क्रम जहाँ खत्म हुआ वहीं सौभाग्य की कामना का व्रत हरतालिका तीज इस दिन मनाया जाएगा। बिना कुछ खाए-पिए स्त्रियाँ गौरीशंकर आराधना करेंगी। तीन पर्वों का साथ लोगों के जीवन में खुशियों का संचार तो कर ही रहा है साथ ही यह संदेश भी दे रहा है कि कुदरत को भी एकता की डोर में बँधे रहना पसंद है। इन पर्वों को लेकर लोगों के दिल में खासी उत्सुकता है। यह बात कोरी कल्पना मात्र नहीं बल्कि वह सचाई है, जो लोगों ने हमसे बयाँ की और हम वही बात आप तक पहुँचा रहे हैं।

और भी बढ़ गया उत्साह
बीएसएफ के रिटायर डिप्टी कमाडेंट मो. अली सैयद के अनुसार तीनों त्योहारों का एकसाथ आना निश्चित तौर पर उत्साह बढ़ा रहा है। जो खुशी एक पर्व पर होती थी वह तीन पर्वों के साथ में होने पर तीन गुना बढ़ गई है जिसकी रौनक बाजार में भी दिख रही है। इस समीकरण को देखकर यही लगता है कि कुदरत भी अमन और शांति का पैगाम दे रही है। अब तो ईद की सेवइयाँ और गणेश चतुर्थी के लड्डू की मिठास सभी को एकसाथ मिल सकेगी।

नहीं जा सकेंगे खाने
शिक्षिका प्रीति शर्मा जहाँ गणेश चतुर्थी और ईद को लेकर उत्साहित हैं, वहीं थोड़ी उदास भी। वजह है हरतालिका तीज का उपवास। वे बताती हैं कि जिस दिन ये दोनों पर्व हैं उसी दिन हरतालिका तीज भी है और इस दिन पानी भी नहीं पिया जाता। ऐसे में अपनी सहेलियों के घर ईद की सेवइयाँ नहीं खा सकूँगी।

पर्व की त्रिवेणी
रंगकर्मी इदरीस खत्री कहते हैं कि भारत में ही यह बात देख सकते हैं कि हर मजहब के त्योहार एकसाथ मनाए जाते हों। पर्व की त्रिवेणी ने मन में जहाँ उत्साह की लहर बहा दी है वहीं एक परेशानी यह भी खड़ी कर दी है कि हर पर्व का आनंद पूरी तरह कैसे लिया जाए। इसके लिए अब यही तरीका अपनाया जाएगा कि सुबह सेवइयाँ से मुँह मीठा होगा और शाम को मोदक के प्रसाद से मंगल-कामना की जाएगी। वैसे ईद और गणेशोत्सव का जश्न एक से अधिक दिन चलता है इसलिए सभी को वक्त दिया जा सकेगा।

बढ़ गई है हर ओर रौनक
मुझे हर वर्ष जितना इंतजार गणेश चतुर्थी का रहता है उतना ही इंतजार ईद का भी। इसकी वजह है दोनों ही पर्वों में सलामती और खुशियों की छाप नजर आना। यह कहना है प्रो. सुरभि पंडित का। वे बताती हैं कि इस बार यह उत्साह और भी बढ़ गया है जिसकी वजह है दोनों पर्वों का साथ में आना। बाजार की रौनक और घरों की चमक को इन पर्वों ने बेतहाशा बढ़ा दिया है।