व्हॉट इज नेम थेरपी
सही नाम, बनाए कामयाब
ND
इस ब्रह्माण्ड में अक्षर रूपी ब्रह्म व्याप्त है। जो अलग-अलग देशकाल में भाषाओं में उत्पन्न होकर प्रत्येक व्यक्ति को किसी वस्तु, व्यक्ति व स्थान को प्राप्त करने में सहायता प्रदान करता है। अक्षर के मेल से ही शब्द की उत्पत्ति होती है। व्यावहारिक जीवन की आवश्यकताओं को पूर्ण करने में इन शब्दों का बड़ा ही महत्व है। प्रत्येक शब्द में दो प्रकार की शक्ति छुपी हुई है-1. सकारात्मक, 2. नकारात्मक।
दोनों शक्ति व्यक्ति के रिश्ते, व्यवसाय, शिक्षा, करियर, स्वास्थ्य, वैवाहिक जीवन, संतान पक्ष को प्रभावित करती है। प्राचीन काल से ही किसी व्यक्ति, वस्तु, स्थान, व्यवसाय, संस्था व निवास स्थान के नामकरण की प्रथा रही है। आज भी इनका अपना महत्व है। नेम थेरपी या नेमोलॉजी की विद्या के अंतर्गत किसी व्यक्ति के नाम द्वारा उसके विभिन्न क्षेत्रों जैसे- शिक्षा, संतान, विवाह, करियर, व्यवसाय आदि को जाना जा सकता है। वह कौन-से क्षेत्र में सफल होगा। किस नाम वाले व्यक्ति के साथ उसकी मित्रता रहेगी। यह भी इस विद्या से आसानी से जाना जा सकता है।
कई लोगों को यह जिज्ञासा रहती है कि आखिर नेम थेरपी या नेमोलॉजी क्या है? यह किस प्रकार उपयोगी रहती है। यह जीवन के विविध क्षेत्रों में कैसे प्रभाव डालती है? कैसे किसी नाम के साथ जुड़कर स्वयं को भाग्यशाली व क्रियाशील बनाया जा सकता है? इस उत्तर को सही ढंग से प्राप्त करने व समझने के लिए पहले इस विद्या को समझना होगा। नेमोलॉजी को नाम-विज्ञान भी कह सकते हैं। अर्थात् ऐसा ज्ञान जिसके द्वारा किसी व्यक्ति, वस्तु, स्थान का विशुद्ध नाम रखा जा सके उसे लाभकारी, भाग्यशाली व क्रियाशील बनाया जा सके।
ND
प्रश्न उठता है कि विजय लाल सिंह के लिए विजय बहादुर सिंह, विजय बाबू सिंह, विजय लाल सिंह या सिर्फ विजय सिंह या फिर अंग्रेजी अक्षर का संक्षिप्त नाम 'वी.एल.एस.' कौन से किस क्षेत्र में अधिक लाभदायक होंगे। उसे किस कारोबार, परिचय व अनुबंध के समय कौन-से नाम का प्रयोग फायदा देगा। इसी प्रकार अन्य नामों के साथ तुलनात्मक अध्ययन किया जाता है।
किसी भाषा के शब्द द्वारा निर्मित नाम से एक विशेष शक्ति (ब्रह्माण्ड की ऊर्जा) प्राप्त होती है। यह शक्ति व्यक्ति के जीवन में बड़ा ही प्रभाव डालती हैं।
कुछ महत्वपूर्ण संक्षिप्त प्रश्न :-
प्रश्न- नेम थेरपी के अन्तर्गत नाम को कैसे भाग्यशाली बनाया जा सकता है?
उत्तर- नेम थेरपी के अन्तर्गत आपके नाम को जीवनसाथी व माता-पिता सहित परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलान किया जाता है जिस भी नाम के लिए आपका नामांक्षर, नामांक आदि विरोधी होते है उन्हें बदलकर अनुकूल किया जाता है। जो आपके लिए भाग्यशाली साबित होते हैं।
प्रश्न- किसी कम्पनी व संस्था के नाम को कैसे प्रभावशाली बनाया जा सकता है?
उत्तर- किसी कम्पनी, संस्था, क्लब, चिकित्सीय व शैक्षिक संस्थानों के नाम को जो अनेक प्रयासों के बाद भी सफल नहीं हो रहे हों उन्हें उपयुक्त नामाक्षर की शक्ति से संपन्न कर लाभदायक बनाने हेतु सक्रिय किया जाता है।
प्रश्न- क्या औद्योगिक उत्पादों का नाम भी उसकी विक्री व नाम बढ़ाने में सहायक हो सकता है?
उत्तर- हाँ, किसी औद्योगिक उत्पाद के स्वभाव, उसकी स्थिति के अनुसार उसे एक ऐसे शक्ति सम्पन्न नामाक्षर से जोड़ दिया जाता है जो उसे लाभ की ओर ले जाता है।
प्रश्न- नाम और उसकी शक्ति को बताने वाले कौन-से पहलू है?
उत्तर- नाम और उसकी शक्ति को जानने के लिए यद्यपि अनेक पहलू है जिसमें कुछ संक्षिप्त इस प्रकार है। जन्मांक, मूलांक, नामांक, नामाक्षर, भाग्यशाली अंक, व्यक्तित्व नम्बर आदि पहलुओं का अध्ययन किया जाता है।
इस प्रकार नेम थेरपी द्वारा आप बड़े सहज ढंग से अपने नाम उसके प्रभाव को जान सकते है और रिश्ते, कारोबार, धन, संतान, मित्रता, प्रेम संदर्भ, करियर, स्वास्थ्य से संबंधित तमाम पहलुओं को समझ सकते हैं।

