1. धर्म-संसार
  2. »
  3. ज्योतिष
  4. »
  5. आलेख

मस्तिष्क भावों को प्रकट करती हस्तरेखाएँ

मस्तिष्क भाव हस्तरेखा
- प्रो. दयानंद

ND
मनोविज्ञान मेरा प्रिय विषय रहा है। मेरा दूसरा प्यारा विषय हस्तरेखा ज्ञान है। इन दोनों का अध्ययन करते हुए मैंने पाया है कि इन दोनों विषयों में गहरा संबंध है किंतु इस संबंध में सूत्र मुझे बहुत समय बाद मिले, जब मैं मनोविज्ञान संबंधी एक पुस्तक लिख रहा था। उन दिनों मैं एक पुस्तकालय में अध्ययन कर रहा था कि ह्यूमन फिजियॉलोजी नामक एक पुस्तक मेरे हाथ लगी। यह पुस्तक रूस में छपी है और इसके संपादक का नाम है ई.बी. वाबस्की।

मस्तिष्क के मनोशारीरिक क्षेत्र का लगभग 25 प्रतिशत क्षेत्र पाँच ज्ञानेंद्रियों के लिए है वे हैं- आँख, कान, नाक, होंठ तथा जिव्हा। इसके अतिरिक्त 25 प्रतिशत क्षेत्र कलाई से उँगलियों तक का हाथ का क्षेत्र है। शेष 50 प्रतिशत क्षेत्र शेष पूरे शरीर के संचालन के लिए है। इस जानकारी ने मेरी इस सोच को दिशा दी कि मनोविज्ञान तथा हस्तरेखाओं में निकट का संबंध है।

एक लंबे समय तक इस दिशा में मनन और अध्ययन करने के उपरांत इस निष्कर्ष तक पहुँचा कि हथेली के अलग-अलग क्षेत्र, जिन्हें हस्तरेखा शास्त्र में हथेली के पर्वत कहा जाता है, वे चुंबकीय केंद्र हैं। इन केंद्रों का मस्तिष्क के उन केंद्रों से संबंध है जो मानव के मनोभावों पर नियंत्रण करते हैं। हथेली के ये पर्वत मस्तिष्क में तैयार होने वाली विद्युत तरंगों को आकृष्ट करते हैं और हस्तरेखाएँ उन तरंगों के मार्ग हैं।

इसी बात को दूसरे शब्दों में हम यों कह सकते हैं कि जिस प्रकार ई.सी.जी. का ग्राफ हृदय की क्रियाशीलता के विषय में बताता है उसी प्रकार हथेली पर बना हुआ रेखाओं का ग्राफ मस्तिष्क की क्रियाशीलता के विषय में बताता है। रेखाओं के इस ग्राफ का अर्थ समझने की विद्या को हस्तरेखा ज्ञान या पामिस्ट्री कहते हैं। हस्तरेखा शास्त्र हथेली को सात भागों में बाँटता है। इन भागों के नाम ज्योतिष शास्त्र से लिए गए हैं।

मेरे निष्कर्ष के अनुसार मस्तिष्क का जो केंद्र व्यक्ति के अहं भाव का नियंत्रण करता है उसका हथेली के जिस भाग से संबंध है उसे गुरु पर्वत कहते हैं। मस्तिष्क का जो केंद्र व्यक्ति की अंतर्मुखता का नियंत्रक है, उसका संबंध हथेली के उस भाग से है जिसे हस्त विज्ञान में शनि पर्वत कहा जाता है। इसी प्रकार मस्तिष्क का जो केंद्र व्यक्ति की बहिर्मुखता का नियंत्रण करता है, हथेली में उस केंद्र से संबंधित भाग को सूर्य पर्वत कहते हैं। इसी प्रकार मस्तिष्क के अलग-अलग भावों से संबंधित हथेली के मार्ग को बुध, शुक्र, चंद्र तथा मंगल पर्वत कहा गया है।

हाथ की उँगलियों के बारे में मेरा निष्कर्ष है कि उँगलियाँ मस्तिष्क में तैयार विद्युत तरंगों को व्यक्ति के शरीर से बाहर बिखेरने के लिए ट्रांसमीटर (प्रेषित करने) जैसा काम करती हैं और व्यक्ति के आसपास के वातावरण में फैली विद्युत तरंगों को मस्तिष्क तक पहुँचाने के लिए ये ही उँगलियाँ रिसीवर (ग्रहण करने) का काम भी करती है।

ये निष्कर्ष परिकल्पना पर आधारित हैं। ये निष्कर्ष शरीर वैज्ञानिकों के लिए सूत्र मात्र हैं जिनके आधार पर मस्तिष्क के केंद्रों के परीक्षण किए जा सकते हैं। उन परीक्षणों के परिणाम ऐसी स्थिति लाने का कारण बन सकते हैं जो हस्तरेखा विद्या को गुप्त ज्ञान से निकालकर उसे मनोविज्ञान तथा शरीर विज्ञान का आधार दे सकते हैं।