sundarkand
Tue, 6 Oct 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. three MLC left SP

यूपी में सपा को बड़ा झटका, तीन एमएलसी ने छोड़ी पार्टी

SP
लखनऊ। अमित शाह के लखनऊ पहुंचते ही सपा के दो एमएलसी ने पार्टी और विधानपरिषद से इस्तीफा दे ‍दिया। इसे सपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इस बीच बसपा के ठाकुर जयवीर सिंह ने भी आज राज्य विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।  कयास लगाए जा रहे हैं कि यह तीनों भाजपा में शामिल हो सकते हैं। 
 
आज सुबह सपा के दो एमएलसी  ने सभापति को इस्तीफा सौंप ‌दिया। इस्तीफा देने वालों में बुक्कल नवाब और यशवंत सिंह शामिल है। 

इस बीच, इस्तीफे की खबर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि वह हाल ही में ईद पर बुक्कल नवाब से मिले थे। उन्हें इस बात पर हैरत है कि अचानक उनका (बुक्कल) हृदय परिवर्तन क्यों हो गया।
 
उन्होंने कहा कि बिहार में बडे़ पैमाने पर राजनीतिक भ्रष्टाचार के बाद अब लगता है कि उत्तर प्रदेश में भी वैसा ही होगा। जनता देख रही है कि क्या हो रहा है। जिन्हें जाना है, जाएंगे। उन्हें रोका नहीं जा सकता।
 
विधानसभा परिषद के सभापति को इस्तीफा सौंपने के बाद बुक्कल नवाब ने प्रेस से बात करते हुए भाजपा से जुड़ने की संभावना भी व्यक्त की। बुक्कल नवाब ने सपा पर हमला करते हुए कहा कि पिछले एक साल से काफी घुटन महसूस कर रहा था। 
 
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आज राजधानी पहुंचने के दिन ही तीन विधान परिषद सदस्यों के इस्तीफे महत्वपूर्ण हैं क्योंकि भाजपा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अपने पांच मंत्रियों के बारे में फैसला लेना है। पांचों ही विधान सभा या विधान परिषद दोनों में से किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं।

योगी के अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और मोहसिन रजा इस समय किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं।