जम्मू पुलिस ने दी थी हमले की चेतावनी
श्रीनगर। पठानकोट एयरबेस पर हुए हमले की पूर्व जानकारी क्या जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी पहले ही दी थी? क्या उनकी चेतावनी को गंभीरता से लिया गया था? फिलहाल इन सवालों के जवाब आने बाकी हैं, पर जम्मू कश्मीर पुलिस कहती है कि उसने 12 घंटे पहले पंजाब पुलिस को संभावित हमले की चेतावनी दी थी।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के खुफिया विभाग के कुछ अधिकारी अब दावा करते हैं कि करीब 12 घंटे पहले उन्होंने पंजाब पुलिस के अधिकारियों को ऐसी चेतावनी दी थी। इस चेतावनी में यह कहा गया था कि करीब 6 अनजान लोगों ने घुसपैठ की है और वे पंजाब में कुछ बड़ा कर सकते हैं।
इन अधिकारियों के मुताबिक हालांकि उनके पास घुसपैठ का इनपुट था, लेकिन घुसपैठ करने वालों की पहचान या फिर उनके इरादों के बारे में वे नहीं जानते थे। खुफिया अधिकारी कहते थे कि उनके पास 6 घुसपैठियों की खबर थी और यह भी जानकारी मिली थी कि घुसपैठिए भारी सामान से लैस थे और वे सेना से मिलती-जुलती वर्दी का इस्तेमाल कर रहे थे।
हालांकि अभी तक पंजाब पुलिस की ओर से इसके प्रति पुष्टि नहीं की गई है कि उन्हें जम्मू-कश्मीर पुलिस की ओर से भी ऐसा कोई संदेश या चेतावनी आतंकियों के संभावित हमले के प्रति मिली थी, पर यह कोई पहली बार नहीं था कि जम्मू-कश्मीर पुलिस की सूचनाओं को हल्के तौर पर लेते हुए नजरअंदाज किया गया था।
दिल्ली समेत देश के कई अन्य हिस्सों में होने वाले बम विस्फोटों, संसद पर होने वाले हमले से पहले भी, जम्मू-कश्मीर पुलिस तथा उसके खुफिया विंग का दावा था कि पूर्व सूचनाएं शेयर की गई थीं, पर उन्हें न सिर्फ हल्के से लिया गया बल्कि नजरअंदाज भी कर दिया गया। उनका कहना था कि उन्हें यह जानकारियां या तो मारे गए आतंकियों के कब्जे से बरामद दस्तावेजों या फिर पकड़े जाने वाले आतंकियों से पूछताछ के दौरान या फिर पकड़े जाने वाले वायरलेस संदेशों से मिलती रही हैं।
हालांकि वे भी इसे मानते हैं कि उनके द्वारा एकत्र की गई तथा बांटी गई सभी जानकारियां या फिर चेतावनियों में सच्चाई नहीं होती पर वे किसी भी चेतावनी या जानकारी को हल्के तौर पर लेने का खतरा मोल नहीं ले सकते हैं। पर इतना जरूर था कि जम्मू-कश्मीर पुलिस तथा उसके खुफिया विंग द्वारा अन्य राज्यों की पुलिस को मुहैया करवाई गई सूचनाओं से कई आतंकियों की गिरफ्तारियां भी हुई हैं और कई आतंकी हमलों को नाकाम करने में कामयाबी भी मिल चुकी है।

