गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Kisan Movement, Rahul Gandhi,
Written By
Last Modified: गुरुवार, 8 जून 2017 (21:48 IST)

राहुल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेसियों ने दी गिरफ्तारी

राहुल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेसियों ने दी गिरफ्तारी - Kisan Movement, Rahul Gandhi,
इंदौर। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को आज मंदसौर जाने से रोकने और उन्हें पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेसियों ने जगह-जगह गिरफ्तारियां दीं।
 
इंदौर में पूर्व सांसद सज्जन वर्मा, पूर्व विधायक तुलसी सिलावट, सत्यनारायण पटेल, प्रमोद टंडन, दीपू यादव, गोलू अग्निहोत्री मंजूर बेग, शावेज़ गोरी, अनवर दस्तक, अमन बजाज, पिंटू जोशी, अमन जायसवाल, नरेंद्र सलूजा, शाकिर शेख, मुकेश पुरी,  शेख अलीम, रफीक खान, विपिन वानखेड़े, विवेक खंडेलवाल आदि कांग्रेस कार्यकर्ता सीआई जेल गिराफ्तारी देने पहुंचे।
उज्जैन : कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के गिरफ्तारी के विरोध में यहां कांग्रेसियों ने चक्काजाम कर दिया। शहर कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकत्रित हुए और कार्यालय के ऊपर से मुख्यमंत्री का पुतला जलाकर नीचे फेंक दिया। साथ देवासगेट पर पांच दर्जन से अधिक कांग्रेसियों ने चक्काजाम किया।
 
इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने कांग्रेसियों को उठाने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेसी शिवराज सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए सड़कों पर लेट गए। पुलिस सभी कांग्रेसियों को बस से केन्द्रीय भैरवगढ़ जेल भेज दिया गया। बाद में सभी को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
  
जयपुर :  शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय के सामने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया और केन्द्र सरकार की तानाशाही के विरोध में जबरदस्त नारेबाजी की।
 
जयपुर शहर कांग्रेस महासचिव मनोज मुदगल के नेतृत्व में कलेक्ट्री पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता  किसानों की हत्यारी सरकार हो बर्बाद, हो बर्बाद, तानाशाही नहीं चलेगी, राहुल गांधी जिंदाबाद, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह को बर्खास्त करो आदि नारे लगा रहे थे। 
 
खरगोन में फूंका मुख्यमंत्री का पुतला :  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पूतला फूंककर विरोध दर्ज किया। कांग्रेस विधायक सचिन यादव के नेतृत्व में आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गायत्री मंदिर तिराहे पर नारेबाजी और प्रर्दशन करते हुए चौहान का पुतला फूंका। पुलिस पुतला छिनती, उसके पूर्व ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सड़क पर दौड़कर पुतले में आग लगा दी। हालांकि बाद में फायर फाइटर से पानी की बौछारें भी छोड़ी गईं परंतु तब तक मुख्यमंत्री का पुतला पूरी तरह से जल चुका था।
 
यादव ने मुख्यमंत्री चौहान पर आरोप लगाते हुए कहा कि मंदसौर में निर्दोष किसानों की हत्या के बाद राहुल गांधी उनके दुःख में शामिल होना चाहते थे, लेकिन प्रशासन द्वारा उनको जाने से रोका गया और उन्हें हिरासत में ले लिया। जिसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पुतला फूंकने का कदम उठाया गया।