बुधवार, 17 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. in the name of farmers, leaders to go abroad
Written By
Last Updated : मंगलवार, 30 जनवरी 2018 (18:32 IST)

किसानों के नाम पर नेता करेंगे विदेश यात्राएं

किसानों के नाम पर नेता करेंगे विदेश यात्राएं - in the name of farmers, leaders to go abroad
भोपाल। हालांकि भारत को एक कृषि प्रधान देश कहा जाता है लेकिन यहां अगर कोई सबसे बुरी हालत में हैं तो वे किसान ही हैं। केन्द्र और राज्य की सरकारें किसानों के नाम पर पता नहीं कौन-कौन सी योजनाएं चलाती हैं लेकिन इन सबमें मध्यप्रदेश सबसे अलग और गजब है।  
 
राज्य में सत्ताधारी पार्टी के नेता खेती करना सीखने के लिए विदेश जाते हैं। मध्य प्रदेश की राज्य सरकार राज्य के किसानों को खेती की उन्नत तकनीक सिखाने के लिए स्पेन-फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड, एमर्स्टडम-तेलअवीव और ब्राजील-अर्जेन्टीना में अलग-अलग 4 टीम बनाकर भेजेगी।  
 
हर टीम में 20 ऐसे किसानों के नाम शामिल हैं जोकि खेती करने की बजाय राज्य विधान सभा में या मंचों पर वाक युद्ध करते हैं। ऐसे किसान नुमा नेताओं की पहली टीम मार्च 2018 में जाएगी। इन टीमों में किसानों के नाम पर भाजपा विधायक, पूर्व विधायक, पार्टी के विभिन्न संगठनों के जिला अध्यक्ष और युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को किसान बनाकर फॉरेन टूर पर भेजा जा रहा है। 
 
इसके पहले भी नंवबर 2016 में बागवानी मंत्री सूर्यप्रकाश मीणा ने अपने बेटे देवेश और भतीजे कृष्णा सहित विदिशा से ही एक मंत्री के दो करीबी रंधीर सिंह और महेंद्र सिंह को किसानों के नाम पर हॉलेंड और नीदरलैंड का टूर करवाया था।
 
जबकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा रही है कि मध्य प्रदेश के किसानों को विदेश भेजकर खेती, बागवानी, फूड प्रोसेसिंग, पशु पालन, डेयरी विकास के साथ ही अन्य आधुनिक तकनीक सिखाई जाए। इसके लिए सीएम ने 2013-14 में मुख्यमंत्री किसान विदेश अध्ययन यात्रा शुरू की थी। 
 
इस स्कीम में विदेश जाने वाले किसानों को राज्य सरकार स्टडी टूर के लिए सब्सिडी देती है, जिसमें जनरल कैटेगरी के किसान को 50 प्रतिशत, एससी-एसटी वर्ग के किसानों को 75 फीसदी और छोटे किसानों को 90 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाती है। 
 
कृषि विभाग के अफसरों ने इस योजना का लाभ नई तकनीक सीखने के इच्छुक लोगों को देने की बजाए भाजपा नेताओं को देना शुरू कर दिया, जिससे उन्हें इसका राजनीतिक फायदा मिल सके।
 
किसानों के नाम पर ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड जाने वाले दल में मुकाम सिंह किराड़े पूर्व विधायक कुक्षी धार, बाबूलाल ताम्रकार पूर्व अध्यक्ष जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक विदिशा, श्रीमती मनोरमा अग्रवाल भाजपा व्यापारी मंडल की सह-संयोजक जिला अशोकनगर, आशीष गुप्ता पूर्व पार्षद जिला मंदसौर
 
आशुतोष शरण तिवारी भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष होशंगाबाद, रामकृष्ण रघुवंशी सांसद प्रतिनिधि विदिशा, राजेश सोलंकी बीजेपी पार्षद उज्जैन, रमेशचन्द्र सोमानी भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष इंदौर
शामिल हैं।
 
इसी तरह ब्राजील-अर्जेन्टीना का दौरा करने वाले किसानों के दल में कल्पना पंवार, महिला मंडल अध्यक्ष विदिशा होंगी। वहीं स्पेन-फ्रांस का दौरा करने वालों में हेमंत खंडेलवाल, एमएलए बैतूल,प्रसन्न हर्णे, अध्यक्ष विवेकानंद मंडल होशंगाबाद एवं पूर्व एमएलए मधुकर हर्णे का बेटा शामिल होगा।
 
इनके अलावा, अनिल सोनकर, अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा विदिशा, जयप्रकाश जाट, भाजपा सहकारी नेता देवास, राजेन्द्र सोनकर सदस्य दीनदयाल अंत्योदय समिति विदिशा भी सरकार की कृपा के पात्र होंगे।
 
एमर्स्टडम-तेलअवीव का दौरा करने वाले 'किसानों' में अश्विन परिहार, जिला मंत्री भाजपा उज्जैन, जगदीश पवार, अध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा राजगढ़, नीरज भाटी, महामंत्री भारतीय जनता युवा मोर्चा, सीहोर, मनोज कटारे और अजय कुमार तिवारी भाजपा नेता विदिशा, शामिल होंगे।
 
ये भी पढ़ें
यह है हिन्दू पद्धति से विदेशियों के विवाह की हकीकत...