सोमवार, 28 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. BJP has now become a nepotism party, Akhilesh Yadav Said
Last Updated :लखनऊ , शुक्रवार, 25 अक्टूबर 2024 (18:53 IST)

भाजपा अब रिश्तेदारवादी पार्टी हो गई, अखिलेश यादव ने साधा निशाना

भाजपा अब रिश्तेदारवादी पार्टी हो गई, अखिलेश यादव ने साधा निशाना - BJP has now become a nepotism party, Akhilesh Yadav Said
Akhilesh Yadav targets BJP: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि भाजपा सपा से आगे निकलकर 'रिश्तेदारवादी' हो गई है। सपा प्रमुख ने शुक्रवार को करहल विधानसभा क्षेत्र (Karhal assembly seat) के दिव्हुली में चौधरी नत्थू सिंह यादव डिग्री कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।
 
सपा ने अपने आधिकारिक 'एक्स' खाते पर अखिलेश यादव के करहल संबोधन का एक अंश पोस्ट किया- आज चुनाव नामांकन का आखिरी दिन है। भाजपा की भी सूची आ गई है। जो नारा वो लगाते थे कि हम लोग परिवारवादी हैं, लेकिन भाजपा अब हम लोगों से और आगे निकल गई है तथा अब वो 'रिश्तेदारवादी' हो गए हैं।
 
भाजपा ने करहल विधानसभा सीट पर अखिलेश यादव के चचेरे बहनोई अनुजेश यादव (आजमगढ़ के सांसद धर्मेन्द्र यादव के सगे बहनोई) को अपना उम्मीदवार बनाया है। ALSO READ: अखिलेश ने राहुल के साथ अपनी तस्वीर की साझा, कहा- संविधान, आरक्षण और सौहार्द को बचाना है
 
सपा का गढ़ है करहल : करहल विधानसभा क्षेत्र 1993 से सपा का गढ़ माना जाता है। इस पर मुलायम सिंह यादव के पोते एवं सपा उम्मीदवार व पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव और भाजपा के अनुजेश यादव के बीच आमना-सामना होगा। यह मुकाबला फूफा और भतीजे के बीच होगा। अनुजेश यादव सपा के तेज प्रताप यादव के रिश्ते में फूफा लगते हैं।
 
उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव आगामी 13 नवंबर को होगा और परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इस बीच, सपा मुख्यालय से जारी एक बयान के अनुसार यादव ने करहल में अपने संबोधन में कहा कि भाजपा जानती है वह करहल और मिल्कीपुर कभी नहीं जीत पाएगी। मिल्कीपुर में तमाम प्रयासों के बावजूद भाजपा आंतरिक सर्वेक्षण में हार रही है, इसीलिए वहां चुनाव टाल दिया गया है। भाजपा के लोग करहल का भी गणित जानते हैं कि वे हार रहे हैं।
 
हारने जा रहा है गठबंधन : सपा प्रमुख ने दावा किया कि भाजपा का गठबंधन हारने जा रहा है, भाजपा गठबंधन की महा हार होने जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रदेश की अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है। भाजपा के लोगों ने उत्तर प्रदेश को खोखला कर दिया है। यादव ने कहा कि इस सरकार ने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों सभी को धोखा दिया है और मंडियों को बर्बाद कर दिया। ALSO READ: अखिलेश यादव के बहराइच एनकाउंटर पर सवाल, यूपी के DGP ने बताया क्यों किया एनकाउंटर
 
अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि सड़कों पर छुट्टा जानवर घूम रहे हैं। इन छुट्टा जानवरों के हमलों से प्रदेश में सैकड़ों मौतें हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के समय प्रधानमंत्री जी ने एक सप्ताह में छुट्टा जानवरों की समस्या का समाधान करने का वादा किया था, लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ।
 
अखिलेश यादव ने कहा कि करहल से नेताजी (मुलायम सिंह यादव) और समाजवादियों का बहुत पुराना अटूट रिश्ता है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में करहल में ऐतिहासिक परिणाम आएगा, तेज प्रताप यादव ऐतिहासिक मतों से जीतेंगे। (एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
ये भी पढ़ें
हिन्दू पक्ष को कोर्ट का झटका, ज्ञानवापी के पूरे परिसर का नहीं होगा सर्वे