शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Arunachal Pradesh by election
Written By
Last Updated :ईटानगर , रविवार, 24 दिसंबर 2017 (19:37 IST)

अरुणाचल उपचुनाव में भाजपा ने दोनों सीटों पर जीत दर्ज की

अरुणाचल उपचुनाव में भाजपा ने दोनों सीटों पर जीत दर्ज की - Arunachal Pradesh by election
ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश की पाक्के कसांग और लिकाबली विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को जीत दर्ज करके दोनों सीटें कांग्रेस से हथिया ली हैं। इस तरह 60 सदस्यीय राज्य विधानसभा में अब भाजपा के 49 विधायक हो गए हैं। पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल (पीपीए) के 9, कांग्रेस का 1 विधायक और 1 निर्दलीय विधायक है।
 
पाक्के कसांग सीट पर भाजपा के बीआर वाघे ने 475 वोटों के कम अंतर से जीत दर्ज करके कांग्रेस के अपने एकमात्र प्रतिद्वंद्वी और पूर्व उपमुख्यमंत्री कामेंग डोलो को पराजित किया। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डीजे भट्टाचार्य ने बताया कि वाघे को 3,517 मत मिले जबकि डोलो को 3,042 वोट प्राप्त हुए।
 
लिकाबली सीट पर भाजपा के कार्दो नेयिगयोर ने पीपीए के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गुमके रिबा को 305 मतों से हराकर जीत दर्ज की। भाजपा उम्मीदवार को 3,461 मत मिले जबकि पीपीए उम्मीदवार को 3,156 वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार मोदाम दिनी को केवल 362 मत मिले। इस सीट पर एकमात्र निर्दलीय उम्मीदवार सेंगो तेइपोडिया को 675 वोट हासिल हुए। इन सीटों पर 21 दिसंबर को हुए उपचुनाव में 68.5 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था।
 
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जोमदे केना का 4 सितंबर को निधन हो गया था जिसके बाद लिकाबली सीट रिक्त हो गई थी। गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने 15 मार्च 2014 को कामेंग डोलो के चुनाव को अमान्य घोषित कर दिया था जिसके बाद पाक्के-केसांग सीट खाली हो गई थी। 
 
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरेन रिजीजू ने उपचुनावों में जीत के लिए भाजपा सदस्यों को बधाई दी है। (भाषा)