Last Updated :कानपुर (भाषा) , बुधवार, 9 जुलाई 2014 (19:37 IST)
सपा कार्यकर्ताओं ने बस में आग लगाई
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बदसलूकी के विरोध में आज शहर में सपा कार्यकर्ताओं ने रोडवेज की एक सरकारी बस में आग लगा दी और कई वाहनों में तोडफोड़ की। सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री मायावती का पुतला फूँका।
एसएसपी आनंद स्वरूप ने बताया कि सपा कार्यकर्ताओं ने आगरा से बाँदा जा रही सरकारी बस में आग लगा दी और कई अन्य वाहनों पर पथराव भी किया, जिससे कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं।
दोपहर करीब साढ़े बारह बजे रावतपुर चौराहे पर समाजवादी पार्टी के दो दर्जन कार्यकर्ता एकत्र हुए और उन्होंने कानपुर दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। मुख्यमंत्री मायावती का पुतला फूँका और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने जा रहे वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया और आगरा से बाँदा जा रही एक सरकारी बस में आग लगा दी। इस बस में करीब 20 यात्री थे, जो मुश्किल से अपनी जान बचाकर नीचे उतरे।
एसएसपी ने बताया कि समाजवादी पार्टी नेता काफी उग्र थे और उन्होंनें सड़क पर वाहनों में जमकर पथराव किया, जिससे कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं। आधे घंटे तक चले सपाइयों के उपद्रव के बाद भी पुलिस का कोई अता-पता नहीं था। बाद में एसएसपी आनंद स्वरूप और जिला अधिकारी आलोक कुमार घटनास्थल पर पहुँचे।