1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. करियर विकल्प

सीए बनें - भविष्य सुरक्षित करें

सीए आईसीएआई
ND
- राजेश सेलोत

आईसीएआई की स्थापना भारत सरकार द्वारा 1949 में की गई। सरकार द्वारा संस्थान को सीए की परीक्षाएँ संचालित करने एवं सीए के लाइसेंस जारी करने का उत्तरदायित्व सौंपा गया है। 59 वर्षों के गहरे अनुभव के आधार पर संस्थान द्वारा वर्तमान में एक श्रेष्ठ शिक्षा पद्धति विकसित की गई है जो कि सफलतापूर्वक पूरे देश में लागू है।

सीए की शिक्षा पद्धति वाणिज्य संकाय की अन्य उपाधियों की तुलना में विशेष स्थान रखती है, क्योंकि इसमें सैद्धांतिक परीक्षाएँ तथा प्रेक्टिसिंग सीए के अधीन प्रशिक्षण साथ-साथ चलते हैं। इस शिक्षा प्रणाली से विद्यार्थियों का न केवल सैद्धांतिक ज्ञान बढ़ता है बल्कि उनकी व्यावहारिक योग्यताओं तथा प्रतिभा का उद्भव भी होता है। यही वजह है कि सीए डिग्री को एक संपूर्ण डिग्री माना गया है।

कोई भी विद्यार्थी 10+2 परीक्षा उत्तीर्ण करने के पश्चात सीपीटी परीक्षा में शामिल हो सकता है तथा उसके बाद साढ़े तीन वर्षों का व्यावहारिक प्रशिक्षण किसी सीए के अधीन करने के लिए पात्रता रखता है। इसी दौरान उसे पीई-2 की परीक्षा उत्तीर्ण करना होती है जिसके बाद फाइनल एक्जाम उत्तीर्ण करके तथा 250 घंटों की अनिवार्य कम्प्यूटर ट्रेनिंग करने के पश्चात सीए बन सकता है।

संपूर्ण सीए करने में ट्यूशन के अलावा लगभग 25 हजार रुपए से ज्यादा खर्च नहीं आता है जो कि सीए डिग्री की प्रतिष्ठा एवं इसके समकक्ष अन्य किसी भी कोर्सेस के मद्देनजर अत्यंत कम है और इसीलिए गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवार के बच्चों के लिए भी सीए पाठ्यक्रम का आकर्षण देखते ही बनता है। यही वजह है कि सीए करने के लिए युवाओं का रुझान पिछले वर्षों में तेजी से बढ़ा है।
  आईसीएआई की स्थापना भारत सरकार द्वारा 1949 में की गई। सरकार द्वारा संस्थान को सीए की परीक्षाएँ संचालित करने एवं सीए के लाइसेंस जारी करने का उत्तरदायित्व सौंपा गया है। 59 वर्षों के गहरे अनुभव के आधार पर संस्थान द्वारा एक श्रेष्ठ शिक्षा पद्धती है।      


अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय मानकों के आधार पर सीए कोर्स को लगातार अपडेट किया जाता है यही कारण है कि भारतीय सीए दुनिया के किसी भी मैनेजमेंट एवं अकाउंट विशेषज्ञ के बराबर क्षमता रखता है। वर्तमान में देश में लगभग 1,50,000 सीए हैं तथा 4 लाख विद्यार्थी सीए की विभिन्न परीक्षाओं में शामिल होते हैं। एक सर्वेक्षण के मुताबिक हमारे देश में आने वाले वर्षों में प्रतिवर्ष लगभग 20000 सीए की माँग रहेगी जबकि वर्तमान में लगभग 8000 विद्यार्थी ही प्रतिवर्ष सीए बन पाते हैं।

हमारे देश के कानून के अनुसार किसी भी व्यवसाय या उद्योग की लेखा बहियों का अंकेक्षण करने का वैधानिक अधिकार केवल सीए के पास ही होता है। विभिन्न कानून जैसे आयकर अधिनियम, कंपनी अधिनियम, रिजर्व बैंक अधिनियम आदि के अंतर्गत लेखा बहियों के अंकेक्षण एवं प्रमाणीकरण के अनेक अवसर सीए के समक्ष उपस्थित हैं। इसी प्रकार वित्तीय लेखा बहियों को लिखने, उसमें आधारभूत सुधार करने एवं उनके आंतरिक अंकेक्षण आदि की उज्ज्वल संभावनाएँ सीए के लिए मौजूद हैं।

स्त्रोत : नईदुनिया अवसर

कर प्रबंधन एवं कर सलाहकार के रूप में एक सीए अपनी अहम भूमिका निभाता है क्योंकि वह आयकर, विक्रयकर, एक्साइज, सर्विस टेक्स एवं अन्य करों के मामलों का विशेषज्ञ बन सकता है। इसी प्रकार से पूँजी बाजार एवं म्युचुअल फंड्स तथा प्रोजेक्ट सलाहकार के रूप में भी अपना करियर बना सकता है। अब तो उद्योग एवं व्यावसायिक जगत द्वारा एक सीए से 'संपूर्ण बिजनेस साल्यूशन प्रोवाइडर' की अपेक्षाएँ रखी जा रही हैं क्योंकि सीए समुदाय द्वारा देश की आर्थिक प्रगति में गत वर्षों में उल्लेखनीय योगदान दिया गया है।

एक सीए बीमा क्षेत्र एवं निवेश क्षेत्रों में विशेषज्ञ सलाहकार की भूमिका अदा कर सकता है। वह एक आर्बिटेटर और इंवेस्टीगेटर व लीगल ड्राफ्टर बन सकता है। अब तो सरकार द्वारा सीए की सेवाएँ अपने लेखा प्रणालियों को सुधारने के लिए विभिन्न स्तरों जैसे मंत्रालय, निगम, सरकारी विभागों (पीडब्ल्यूडी, बिजली बोर्ड), नगर पालिकाओं एवं पंचायतों के अंकेक्षण कराने में भी ली जारही हैं जिससे कि आने वाले भविष्य में सीए करियर की उज्ज्वल संभावनाएँ बनती हैं।

इसी तरह रोजगार के क्षेत्र में भी सीए के लिए अपार संभावनाएँ है और अब तो बीमा कंपनियाँ जैसे बैंक, उद्योग एवं बड़े व्यावसायिक समूहों द्वारा सैंकड़ों की तादात में सीए के लिए रोजगार के अवसर खोल दिए गए हैं और यह अनुमान है कि आगामी दस वर्षों तक रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे साथ ही आकर्षक पारिश्रमिक मिलता है जो 5 लाख रु. वार्षिक से प्रारंभ होकर योग्यतानुसार 40 लाख रु. प्रतिवर्ष तक भी पहुँच सकता है।

यदि सीए करने के साथ-साथ विद्यार्थी सेप (एसएपी), एडवाइज व कैपिटल मार्केट आदि पृथक कोर्स संपन्न करता है तोऔर भी आकर्षक पारिश्रमिक मिल सकता है। भारतीय सीए की माँग अब पूरे विश्व में बढ़ती जा रही है। सीए संस्थान द्वारा समय-समय पर कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाते हैं, जिसमें देश-विदेश की नामी कंपनियाँ भाग लेती हैं तथा स्पॉट सिलेक्शन कर लेती हैं।

इस प्रणाली से सीए करने के बाद रोजगार ढूँढना आसान हो जाता है। यह कहा जा सकता है कि सीए ही एकमात्र ऐसा कोर्स है जिसमें स्वयं का ऑफिस खोलकर प्रेक्टिस करने तथा नौकरी करने के समान अवसर हैं जबकि वाणिज्य संकाय के अन्य कोर्सेस में यह लचीलापन नहीं है। यह निर्विवाद है किनिश्चय ही सीए करके एक छात्र न केवल संपूर्ण व्यक्तित्व का निर्माण कर सकता है वरन आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ राष्ट्र को विश्व के अग्रिम देशों की पंक्ति में खड़ा करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

(लेखक सेंट्रल इंडिया क्षेत्रीय परिषद् ,आइसीएआई के अध्यक्ष हैं।)

स्त्रोत : नईदुनिया अवसर