• Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. व्रत-त्योहार
  3. नवरात्रि
  4. Navratri Blog
Written By WD

नवरात्रि : मां के गुणगान का उत्सव

नवरात्रि : मां के गुणगान का उत्सव - Navratri Blog
पुष्पा परजिया 
कई बार सितंबर (अधिकमास वाले वर्ष या अक्टूबर) में ये नवरात्रि पर्व जब आता है। तब हर मानव मन आस्था से सराबोर होकर मां जगदम्बा के गुणगान, पूजा-पाठ और एक बड़े त्योहार का स्वागत करने के लिए तैयार रहता है। 
यही नहीं, भारत से बाहर विदेशों में बसे भारतीय भी इस त्योहार को वहां अपने-अपने ढंग और अपने अपने रीति-रिवाजों के अनुसार बेहद उत्साह से मनाते हैं।
बंगाल में इन नवरात्रि के दिनों को 'पूजा' कहा जाता है। वहां तब बड़ी श्रद्धा दिखाई पड़ती है, जब हमारे देश के पूर्वी भाग बंगाल में इस त्योहार का लोग आयोजन करते हैं। गुजरात में डांडिया रास के साथ-साथ अनेक कार्यक्रम हुआ करते हैं जिसमें गरबा खेलते हैं और मां की महिमा का गुणगान करते हैं और बेहद धूमधाम से इस त्योहार को मनाया जाता है।
 
रात के समय गरबा नृत्य द्वारा मां के बहुत सुंदर-सुंदर अर्थ से भरे जो गीत होते हैं, वे लोकशैली में होते हैं तथा वे बेहद कर्णप्रिय होते हैं। जब संगीत के साथ गरबे की धुन बजती है तो अपने आप एक उमंग दिल में समा जाती है और गरबा खेलने को दिल करता है। पंजाब और उत्तरप्रदेश तथा मध्यभारत में बड़ी आस्था सहित लोग व्रत-उपवास करते हैं। 
 
इसी तरह बंगाल में धूपदानी लेकर जो नृत्य होता है, वो बड़ा ही सुहावना होता है। खासकर के जब आरती होती है और कोलकाता में तब जो दिव्य वातावरण होता है, वो आत्मा की गहराई तक पहुंचकर मानो प्राण और परमेश्वर को एक कर देता है तथा भक्तिपूर्ण वातावरण बन जाता है। उनका भक्तिपूर्ण नृत्य देखकर किसी को भी माता के प्रति भक्तिभाव उत्पन्न हो जाता है।
 
और मां तो मां हैं। उनकी महिमा जितनी गाई जाए, कम हैं। चूंकि वे तो पूरे जगत की जननी हैं तो आओ चलें हम भी सच्चे मन से अपने श्रद्धा-सुमन समर्पित करें इस जगत की जननी को, मां जगदम्बा को, जो अपने अलग-अलग स्वरूपों से अपने बालकों की रक्षा करती हैं।