शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. world bank on Indian economy
Written By
Last Modified: वॉशिंगटन , बुधवार, 10 जनवरी 2018 (14:43 IST)

भारत में 2018 में 7.3 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान : विश्व बैंक

भारत में 2018 में 7.3 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान : विश्व बैंक - world bank on Indian economy
वॉशिंगटन। विश्व बैंक ने कहा है कि भारत में वृद्धि की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं और 2018 में उसकी वृद्धि दर 7.3 प्रतिशत तथा उसके बाद के 2 वर्ष में 7.5 प्रतिशत रह सकती है। उसने कहा है कि भारत की मौजूदा सरकार व्यापक स्तर पर अहम सुधारों को आगे बढ़ा रही है।
 
विश्व बैंक की बुधवार को यहां जारी 2018 की वैश्विक आर्थिक संभावना रिपोर्ट में वर्ष  2017 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इसमें कहा गया है कि नोटबंदी और माल एवं सेवाकर (जीएसटी) से शुरुआती झटका लगने के बावजूद आर्थिक वृद्धि की बेहतर संभावनाएं हैं।
 
विश्व बैंक के विकास संभावना समूह के निदेशक अयहान कोसे ने कहा कि कुल मिलाकर भारत दुनिया की दूसरी उभरती अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले अगले एक दशक में उच्च आर्थिक वृद्धि हासिल करने जा रहा है। मैं ऐसे में अल्पकालिक आंकड़ों पर गौर नहीं करना चाहता। मैं भारत को लेकर वृहद तस्वीर देखना पसंद करूंगा और बड़ी तस्वीर यही है कि भारत में व्यापक संभावनाएं हैं।
 
उन्होंने कहा कि चीन के मुकाबले में विश्व बैंक को लगता है कि भारत की रफ्तार धीरे धीरे बढ़ेगी जबकि चीन की गति धीमी पड़ रही है। विश्व बैंक की रिपोर्ट के लेखक कोसे ने कहा कि पिछले 3 साल के वृद्धि के आंकड़े काफी स्वस्थ रहे हैं।
 
वर्ष 2017 में चीन की वृद्धि दर 6.8 प्रतिशत रही, यह आंकड़ा भारत की वृद्धि दर से 0.1 प्रतिशत ऊंचा था जबकि 2018 में चीन की वृद्धि दर का अनुमान 6.4 प्रतिशत लगाया गया है। उसके बाद अगले 2 साल में वृद्धि दर मामूली गिरकर क्रमश: 6.3 प्रतिशत और 6.2 प्रतिशत रह सकती है।
 
कोसे ने कहा कि भारत को अपनी वृद्धि संभावनाओं का दोहन करने के लिए निवेश बढ़ाने के लिए कदम उठाने चाहिए। भारत में बैंकों की गैरनिष्पादित राशि को कम करने और उत्पादकता बढ़ाने के लिए उपाय किए जा रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि भारत में जनसांख्यिकीय स्थिति भी अनुकूल बनी हुई है, जो कि दूसरी अर्थव्यवस्थाओं में कम ही देखने को मिलता है। कोसे के मुताबिक अगले 10 साल के दौरान भारत की आर्थिक वृद्धि 7 प्रतिशत के आसपास बने रहने की संभावना है। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
भाजपा की बढ़ सकती है छह सीट, कांग्रेस को हो सकता है चार का घाटा