• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. weather update : 24 december
Written By
Last Updated : रविवार, 24 दिसंबर 2023 (08:57 IST)

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से इन राज्यों में बढ़ी ठंड, राजस्थान में बरसा पानी

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से इन राज्यों में बढ़ी ठंड, राजस्थान में बरसा पानी - weather update :  24 december
Weather Update 24 december : जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की वजह से पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में ठंड बढ़ गई है। मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, बिहार, ओडिसा समेत कई राज्यों में शीतलहर और कोहरे का कहर दिखाई दे रहा है। राजस्थान में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। 
 
जम्मू कश्मीर में बर्फबारी : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ के सिंथन टॉप में बर्फबारी हुई। इस वजह सिंथन टॉप से गुजरने वाले किश्तवाड़-अनंतनाग मार्ग को ऐहतियातन बंद कर दिया गया है। श्रीनगर समेत प्रमुख जगहों पर न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। 
 
हिमाचल में गिरी बर्फ : हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में शनिवार को बर्फबारी हुई। रोहतांग में अटल सुरंग के पास, इसके आसपास के इलाकों और लाहौल-स्पीति के केलांग में भी बर्फबारी हुई। वहीं मौसम विभाग ने 24 दिसंबर से राज्य में मौसम के शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है। लाहौल-स्पीति का समदो राज्य में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
पंजाब और हरियाणा में ठंड का प्रकोप : पंजाब और हरियाणा में शनिवार को ठंड का प्रकोप बरकरार रहा। मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब में 6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा। पंजाब के लुधियाना, पटियाला और अमृतसर में न्यूनतम तापमान क्रमश 9.2 डिग्री, 8.6 डिग्री और 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
पड़ोसी राज्य हरियाणा के करनाल में 8.7 डिग्री जबकि फतेहाबाद में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार, भिवानी, सिरसा, अंबाला और नारनौल में न्यूनतम तापमान क्रमश 6.5, आठ, नौ, 10.5 और 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
राजस्थान में हल्की बारिश : पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में पिछले 24 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। भीलवाड़ा, वनस्थली, जोधपुर और फलोदी में हल्की बारिश दर्ज की गई। विभाग के अनुसार बादल साफ होने के साथ ही अगले 2 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
 
इस बीच, सीकर का फतेहपुर 5.6 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। इसके बाद हनुमानगढ़ का संगरिया रहा, जहां रात का तापमान आठ डिग्री सेल्सियस था।
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
बारामूला में आतंकी हमला, रिटायर्ड पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या