1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. RJD MP Manoj Jha sharp jibe on Prime Minister Modi in Rajya sabha
Last Updated : बुधवार, 30 जुलाई 2025 (14:16 IST)

मोदी जी! आप सरकार का पक्ष रखिए भारत का नहीं, पक्ष भी इसी देश का है और विपक्ष भी

राष्ट्रीय जनता दल के प्रोफेसर मनोज झा ने किए पीएम मोदी और सरकार पर तीखे हमले

Manoj Jha on Operation Sindoor in Rajya Sabha
Pro Manoj Jha on Operation Sindoor in Rajya Sabha: राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा में भाग लेते हुए राष्ट्रीय जनता दल के प्रोफेसर मनोज झा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकसभा के भाषण पर तंज करते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि मैं 'भारत का पक्ष' रखने आया हूं। झा ने कहा- भारत का पक्ष अंतरराष्ट्रीय फोरम पर रखा जाता है। संसद में तो पक्ष और विपक्ष दोनों ही भारत के हैं। ऐसे मोदी जी आपको भारत का नहीं सरकार का पक्ष रखना चाहिए। 
 
सुरक्षा महज एक नारा नहीं : राजद नेता झा ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा महज एक नारा नहीं है, यह जिम्मेदारी है और कर्तव्य है। जब खुफिया एजेंसियों को पता था तो पहलगाम में आतंकवादी हमला कैसे हो गया। हमले के बाद एक ट्‍विटर हैंडल पर लिखा गया- आतंकियों ने धर्म पूछकर लोगों को गोली मारी। यह नफरत फैलाने की साजिश थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भारतीयों ने नफरत के संदेश को नकार दिया। क्योंकि हमले के बाद पूरे देश एक था। हमारे देश की विशेषता है कि हादसे हमें एक कर देते हैं। कोरोना के समय भी पूरा देश एक हो गया था। कर्नल सोफिया कुरैशी और व्योमिका सिंह जब ब्रीफिंग के लिए आती थीं तो पूरे देश की छाती गर्व से फूल जाती थी। 
 
नेहरू में दम तो है : उन्होंने प्रधानमंत्री को निशाने पर लेते हुए कहा कि सरकारें राष्ट्र का पर्याय नहीं हैं, आप भी नहीं हैं, पिछले भी नहीं थे। पार्टियां चली जाएंगीं, सरकारें चली जाएंगी, देश रहेगा। सरकार को सिर्फ अपनी बात करनी चाहिए। बार-बार नेहरू का नाम लेने पर प्रो. जा ने कहा कि मुकदमा लगा दो कि जवाहर लाल नेहरू हाजिर हों। जिनको उनके पक्ष में बोलना होगा वे अपने विचार रख देंगे, जिनको उनके खिलाफ बोलना होगा, वे बोल देंगे। उन्होंने कहा कि नेहरू इतने साल बाद भी आपको परेशान कर रहे हैं तो बंदे में कुछ दम तो है। 
 
सरकार आत्ममुग्ध : मनोज झा ने कहा कि मैं किसी समय एस जयशंकर का फेन था, लेकिन स्थितियां बदल गई हैं। हालांकि मैं उन्हें दोष नहीं दूंगा। क्योंकि वर्तमान सरकार आत्ममुग्ध है। ट्रंप का मुद्दा उठाते हुए झा ने कहा कि बचपन में हम चाचा चौधरी को पढ़ते थे, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति हम चाचा चौधरी के नेगेटिव गुण देखते हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर पर पूरी दुनिया में प्रतिनिधिमंडल भेजा, यह बहुत अच्छा काम है, लेकिन हमें देश में भी प्रतिनिधिमंडल भेजना चाहिए। क्योंकि राज्य सरकार का एक मंत्री कर्नल सोफिया पर अशोभनीय टिप्पणी करता है। 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
ये भी पढ़ें
राष्ट्रीय कागज़ दिवस विशेष: पर्यावरण का मित्र है कागज, दुश्‍मन नहीं