• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. rahul gandhi bharat jodo yatra in indore
Written By
Last Updated : रविवार, 27 नवंबर 2022 (14:19 IST)

इंदौर पहुंची ‘भारत जोड़ो यात्रा’, राहुल गांधी ने लगाया दिव्यांग की व्हीलचेयर को धक्का

इंदौर पहुंची ‘भारत जोड़ो यात्रा’, राहुल गांधी ने लगाया दिव्यांग की व्हीलचेयर को धक्का - rahul gandhi bharat jodo yatra in indore
इंदौर। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ रविवार को मध्य प्रदेश के सबसे बड़े शहर इंदौर पहुंची। इस दौरान समाज के अलग-अलग तबके के लोगों के साथ-साथ एक दिव्यांग व्यक्ति भी यात्रा में शामिल हुआ और राहुल कुछ देर के लिए उसकी व्हीलचेयर धकेलते नजर आए। यात्रा में हिस्सा लेने के बाद दिव्यांग मनोहर ने बताया कि उन्होंने राहुल से कहा कि अब देश बदलना चाहिए।
 

‘भारत जोड़ो यात्रा’ रविवार को मध्य प्रदेश में 5वें दिन में प्रवेश कर गई। इसमें शामिल लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली महू में रात्रि विश्राम के बाद राहुल की अगुवाई में पैदल चलना प्रारंभ किया और इंदौर जिले के राऊ पहुंची। राऊ में यात्रा के स्वागत के लिए लाल कालीन बिछाई गई थी।

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राऊ में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हेलमेट पहनकर बाइक भी चलाई। इस दौरान कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी उनके साथ भागते हुए दिखाई दे रहे थे।

कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, देश के लिए बेशुमार प्यार और लोकतंत्र पर अटूट विश्वास ही तो है जो हज़ारों लोगों को 'भारतीयता' के एक रंग में रंग रहा है। माँ अहिल्या की पावन नगरी में उमड़ा यह जनसैलाब देश जोड़कर ही रहेगा।
 
इस बीच, पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्रा ने बताया कि इंदौर में यात्रा की सुरक्षा के लिए 1,400 कर्मियों को तैनात किया गया है और जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं। तंग गलियों और घनी आबादी वाले राजबाड़ा क्षेत्र में 12 जर्जर मकानों को अस्थायी तौर पर खाली करा लिया गया है, ताकि इनके कारण यात्रा के दौरान किसी हादसे की आशंका को समाप्त किया जा सके।
 
राहुल आज शाम इंदौर के राजवाड़ा में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे चिमनबाग मैदान में रात्रि विश्राम करेंगे। वे सोमवार सुबह 6 बजे बड़े गणपति से उज्जैन के लिए रवाना हो जाएंगे।
 
गौरतलब है कि जूनी इंदौर क्षेत्र में मिठाई-नमकीन की एक दुकान को 17 नवंबर को डाक से मिले पत्र में वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र किया गया था और ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान इंदौर के अलग-अलग स्थानों पर भीषण बम धमाकों के साथ राहुल गांधी व कमलनाथ को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।
 
Edited by : Nrapendra Gupta