• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Mahatma Gandhi Statue
Written By
Last Modified: गुरुवार, 8 जनवरी 2015 (14:30 IST)

'श्रद्धेय' महात्मा की प्रतिमाएं चीन सहित दुनिया के 59 शहरों में

'श्रद्धेय' महात्मा की प्रतिमाएं चीन सहित दुनिया के 59 शहरों में - Mahatma Gandhi Statue
-शोभना जैन
 
गांधीनगर। महात्मा गांधी पूरी दुनिया में श्रद्धेय हैं, उनकी छाप पूरी दुनिया में छाई है। चीन से लेकर अनजाने से देश फ्रेंच रीयुनिअन सहित दुनियाभर के 59 शहरों में महात्मा गांधी की प्रतिमाएं प्रतिष्ठित हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग उनके 'अहिंसा के दर्शन सिद्धांत' से प्रेरणा लेते हैं।
 
इस वर्ष महात्मा गांधी की दक्षिण अफ्रीका से स्वदेश वापसी के शताब्दी वर्ष के अवसर पर विदेश मंत्रालय ने एक बेहद प्रभावी नक्शे के जरिए दुनिया की उन तमाम जगहों का ब्योरा दिया, जहां ये प्रतिमाएं हैं।
 
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने एक ट्वीट के जरिए एक नक्शे में दुनियाभर में महात्मा गांधी की प्रतिमाओं यह ब्योरा देते हुए टिप्पणी की 'महात्मा गांधी, दुनियाभर में
श्रद्धेय व्यक्तित्व'।
 
यहां आज (गुरुवार) से शुरू हुआ 13वां प्रवासी भारतीय दिवस भी इस वर्ष महात्मा गांधी के स्वदेश वापसी के शताब्दी वर्ष को समर्पित है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने इस अवसर पर कहा कि यह समारोह 'सर्वश्रेष्ठ प्रवासी भारतीय' महात्मा गांधी को समर्पित है।
 
दक्षिण अफ्रीका, जहां से महात्मा गांधी ने इस शताब्दी के महानायक की अपनी यात्रा शुरू की, वहां के जोहानसबर्ग नगर में भी महात्मा गांधी की प्रतिमा है। पड़ोसी देशों में नेपाल में ही महात्मा गांधी की प्रतिमा है। इस वर्ष लंदन के पार्लियामेंट के बाहर भी महात्मा गांधी की एक प्रतिमा प्रतिष्ठित की जा रही है। इस चार्ट में जिन देशों में महात्मा गांधी की प्रतिमाएं हैं, वे हैं-
 
अर्जेंटीना, बेल्जियम, बोलीविया, ब्राजील, बिश्कैक, ब्रिस्बेन, कैनबरा, क्यूबा, चीन, कंबोडिया, कनाडा, साइप्रस, कोलंबिया, कोस्टारिका, डेनमार्क, इथोपिया, मिस्र, फ्रांस, फिजी, जर्मनी, गुयाना, इटली, इंडोनेशिया, जोहानसबर्ग (दक्षिण अफ्रीका), जापान, कजाकिस्तान, लक्जम्बर्ग, लिस्बन, मिलान, मैक्सिको, मलेशिया, मेड्रिड (स्पेन), मंगोलिया, मॉरिशस, नॉर्वे, नीदरलैंड्स, नेपाल, न्यूजीलैंड, पेरू, पोर्ट ऑफ स्पेन (ट्रिनिडाड टोबेगो), पापुआ न्यू गिनी, पनामा, रूस, फ्रेंच रीयुनिअन, सेंट किट्स एंड नेविस, सर्बिया, सूरीनाम, श्रीलंका, स्लोवेनिया, स्विट्जरलैंड, सेशल्स, ट्यूनीशिया, थाईलैंड, तजाकिस्तान, युगांडा, उरुग्वे, यूएसए, यूके, वेनेजुएला। (वीएनआई)
 
'वाइब्रैंट गुजरात' में इसराइल-भारत के बीच कृषि समझौता : 'वाइब्रैंट गुजरात सम्मेलन' के दौरान इसराइल एवं भारत के बीच कृषि क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के बारे में एक समझौता होगा। इस समझौते के तहत दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय कृषि‍ सहयोग कार्यक्रम की अवधि‍ और आगे बढ़ाने के एक करार पर भी दस्तखत होंगे।
 
इसराइल के कृषि‍मंत्री यायर शमीर की अगुवाई में इस सम्मेलन में भाग लेने वाले शि‍ष्टमंडल में इसराइल की अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एजेंसी ‘माशव’ के प्रमुख गिल हैस्केल, कृषि‍ एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधि‍कारी और कुछ इसराइली कंपनियों के प्रतिनिधि‍ शामिल होंगे।
 
इसराइली दूतावास के एक प्रवक्ता के अनुसार उनका देश कृ‍षि‍, डेयरी और जल प्रबंधन में वैश्वि‍क स्तर पर अपनी पहचान बनाने की छवि के साथ ‘सातवें वाइब्रैंट गुजरात सम्मेलन’ में शि‍रकत करेगा। उन्होंने कृषि सहयोग समझौते की चर्चा करते हुए कहा कि इस करार की अवधि‍ आगे बढ़ाने के प्रस्ताव से भारत और इसराइल के बीच और गहराते रिश्तों की पुष्टि‍ होती है।
 
मौजूदा त्रिवर्षीय करार के तहत इसराइल और भारत गुजरात समेत 10 भारतीय राज्यों में कृषि‍ से जुड़े 29 उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं। इसराइल की तरफ से 'माशव' और भारत की तरफ से 'एकीकृत बागवानी विकास मिशन' यह करार अवधि‍ बढ़ाने के प्रस्ताव को परवान चढ़ाएंगे।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसी 11 जनवरी को गांधीनगर (गुजरात) में इस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। (वीएनआई)