शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. ISRO, satellite launch
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 23 जून 2017 (23:40 IST)

इसरो ने लगाया दोहरा शतक

इसरो ने लगाया दोहरा शतक - ISRO, satellite launch
श्रीहरिकोटा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने पीएसएलवी-सी38 रॉकेट के जरिए शुक्रवार को उपग्रह कार्टोसैट-2 और 30 अन्य नैनो उपग्रहों का प्रक्षेपण करने के साथ ही विदेशी उपग्रहों को अंतरिक्ष में स्थापित करने का आज दोहरा शतक लगाकर एक और कीर्तिमान स्थापित किया। 
              
इसरो ने पीएसएलवी के जरिए  उपग्रह कार्टोसैट-2 के अलावा 14 देशों के 29 उपग्रहों को पृथ्वी की कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित किया। इन उपग्रहों में ऑस्ट्रिया, फिनलैंड, इटली, जापान, लातविया, लिथुआनिया, बेल्जियम, चिली, चेक गणराज्य, फ्रांस, जर्मनी, स्लोवाकिया, ब्रिटेन और अमेरिका के उपग्रह शामिल हैं। इसके अलावा एक भारतीय नैनो उपग्रह भी शामिल है।
         
इसरो सूत्रों ने बताया कि 1999 से लेकर आज के प्रक्षेपण से पहले तक 180 विदेशी उपग्रहों का प्रक्षेपण किया जा चुका था। आज 29 और विदेशी उपग्रहों के प्रक्षेपण के साथ ही इसरो ने दोहरा शतक लगाकर एक और नया कीर्तिमान बनाया। इसरो अब तक 209 विदेशी उपग्रहों का प्रक्षेपण कर चुका है।
       
इसरो ने गत फरवरी में एक ही मिशन में सबसे ज्यादा 104 उपग्रहों का प्रक्षेपण करके एक रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद आज का प्रक्षेपण अब तक का दूसरा सबसे बड़ा प्रक्षेपण मिशन है। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
इफ्तार पार्टी में लालू-नीतीश के बीच दिखी तल्खी