शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Attack in Assam
Written By
Last Updated :गुवाहाटी , बुधवार, 24 दिसंबर 2014 (12:08 IST)

असम में उग्रवादी हमले, 52 की मौत...

असम में उग्रवादी हमले, 52 की मौत... - Attack in Assam
गुवाहाटी। असम के सोनितपुर और कोकराझार जिलों में मंगलवार को चार जगहों पर संदिग्ध बोडो उग्रवादियों के सिलसिलेवार हमलों में 52 लोगों की मौत हो गई। राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इस नरसंहार की निंदा करते हुए बुधवार को असम का दौरा करने का फैसला किया है। पीएम मोदी ने ट्‍वीट के जरिये घटना पर शोक जताया है। 
 



पुलिस ने बताया कि भारी हथियारों से लैस 500 नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) के सोंगबिजीत धड़े से जुड़े उग्रवादियों के हमले में 10 अन्य लोग घायल हो गए। यह धड़ा शांति वार्ता का विरोध करता है। उन्होंने बताया कि सोनितपुर जिले के चार पुलिस थाना इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्दोष लोगों की हत्या की निंदा करते हुए इसे कायराना कृत्य बताया। मोदी ने ट्वीट किया, ‘हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मारे गए लोगों के परिवारों के साथ हैं।’ मोदी ने कहा कि उन्होंने असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई और केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से बात की है। उन्होंने कहा कि सिंह स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य का दौरा करेंगे।
 
सिंह ने कहा कि किसी भी कारण से बेकसूर लोगों की हत्या को कभी भी जायज नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने ट्वीट किया केंद्र हालात पर नजर रख रहा है और घटनास्थल के लिए अर्धसैन्य बलों को रवाना कर दिया गया है। सिंह ने कहा कि उन्होंने गोगोई से बात की जिन्होंने हालात के बारे में उन्हें अवगत कराया। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र राज्य को सभी सहायता मुहैया कराएगा। 
 
असम पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि सोनितपुर जिले में 30 लोगों को गोलियों से भून दिया गया जबकि कोकराझार में आज शाम चार लोगों की हत्या कर दी गई। प्रवक्ता ने यहां बताया, ‘सोनितपुर जिले में 30 लोगों की हत्या कर दी गई। इसमें, विश्वनाथ चरियाली में 24 लोगों को गोलियों से भून दिया गया, ढेकियाजुली में छह लोगों की हत्या कर दी गई।’ कोकराझार जिले में पखिरीगुड़ी और उल्टापानी के दूर दराज के इलाके में भी उग्रवादियों ने कई लोगों की हत्या कर दी।
 
अधिकारी ने बताया, ‘सभी लोग नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) (सोंगबिजीत) के संदिग्ध उग्रवादियों के सिलसिलेवार हमलों में मारे गए।’ सोनितपुर की पुलिस अधीक्षक संयुक्ता पराशर ने कहा कि सोनितपुर हमले में मारे गए लोग आदिवासी बताए जाते हैं।
 
उन्होंने बताया कि अरुणाचल प्रदेश की सीमा के पास तिनिसुति में विश्वनाथ चरियाली सब-डिवीजन के तहत सोनाजुली में एनडीएफबी (एस) उग्रवादियों के एक समूह ने अत्याधुनिक हथियारों से लोगों पर हमला करके कत्लेआम मचाया है।
 
उन्होंने कहा कि घटनास्थल असम और अरूणाचल प्रदेश अंतर-राज्यीय सीमा के बहुत नजदीक है। बताया जा रहा है कि उग्रवादियों ने यह हमला देर शाम किया। अंधेरा जल्दी घिर आने के कारण कई क्षेत्रों से ताजा खबरें नहीं मिल सकी है। य (भाषा/वेबदुनिया)