शुक्रवार, 7 फ़रवरी 2025
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Actress Sridevi's death, Anil Kapoor's house
Written By
Last Updated : सोमवार, 26 फ़रवरी 2018 (23:55 IST)

श्रीदेवी का निधन : अनिल कपूर के घर पहुंचे सेलिब्रिटी

श्रीदेवी का निधन : अनिल कपूर के घर पहुंचे सेलिब्रिटी - Actress Sridevi's death, Anil Kapoor's house
मुंबई। बॉलीवुड की जानमानी अभिनेत्री श्रीदेवी के आकस्मिक निधन से हैरान और दुखी सेलिब्रिटीज और प्रशंसक उनके देवर अनिल कपूर के घर पहुंचे। अनिल के बंगले पर शोकभरा माहौल छाया रहा, जहां श्रीदेवी और उनके पति बोनी कपूर की बेटियां खुशी और जाह्नवी कल से मौजूद हैं। अनिल बोनी के छोटे भाई हैं।


अपना दुख जाहिर करने के लिए अनिल के घर जाने वालों में फिल्मकार फराह खान, करण जौहर, फरहान अख्तर, डिजाइनर  मनीष मल्होत्रा, रितेश सिद्धवानी, रेसूल पूकुट्टी, सरोज खान और हनी ईरानी समेत अन्य लोग रहे। जबर्दस्त कामयाब रही ‘मिस्टर इंडिया’ में श्रीदेवी का निर्देशन करने वाले शेखर कपूर भी मौजूद रहे।

उनके अलावा, तबू, रितेश देशमुख, जेनेलिया देशमुख, अक्षरा, श्रृति हासन, अमीशा पटेल, दिव्या दत्ता और सारा अली खान भी अनिल के घर गईं। अनिल के आवास जाने वालों में अभिनेत्री से सियासतदां बनीं जयाप्रदा और समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह भी प्रमुख रहे। श्रीदेवी का दुबई में शनिवार रात निधन हो गया था।

उन्होंने ‘हिम्मतवाला’, ‘मिस्टर इंडिया’, ‘चांदनी’, ‘सदमा’, ‘नागिन’ और ‘चालबाज़’ जैसी फिल्मों में अपनी यादगार भूमिका से दर्शकों को मोहित कर दिया था। दुबई सरकार ने आज कहा कि उनका निधन दुर्घटनावश डूबने से हुआ है। श्रीदेवी 54 साल की थीं। उनके पार्थिव शरीर को मुंबई लाया जाना है।

श्रीदेवी के 40 वर्षीय प्रशंसक सतीश कुमार ने कहा, वह बहुत जल्दी चली गईं। यह दिल तोड़ने वाला है। मैं उन्हें आखिरी बार देखने का इंतजार कर रहा हूं। यह प्रशंसक अभिनेत्री को अंतिम बार देखने के लिए राजस्थान के बीकानेर से आया है।

बोनी कपूर की पहली पत्नी से जन्मे बेटे अभिनेता अर्जुन कपूर और रेखा, रानी मुखर्जी तथा शिल्पा शेट्टी कल रात अनिल के घर गए थे। पुलिस ने अनिल के बंगले की सुरक्षा बढ़ा दी है और इलाके को घेर लिया है। (भाषा)
ये भी पढ़ें
वर्सोवा में श्रीदेवी के बंगले पर सजे सफेद फूल भी मुरझाए...