• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. AAP, donation, scam, MLA Devendra Sherawat,
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , सोमवार, 17 अक्टूबर 2016 (17:30 IST)

आप ने किया 16 करोड़ का चंदा घोटाला : सहरावत

आप ने किया 16 करोड़ का चंदा घोटाला : सहरावत - AAP, donation, scam, MLA Devendra Sherawat,
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के निलंबित विधायक देवेन्द्र सहरावत ने पार्टी के उच्च नेतृत्व पर 16 करोड़ रुपए से अधिक राशि के चंदे के घोटाले का आरोप लगाया है।
बिजवासन से विधायक सहरावत ने सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाते हुए कहा कि आयकर विभाग के नोटिस के बाद पार्टी ने दानदाताओं के नाम अपनी वेबसाइट से हटा दिए। यहां तक कि दी गई राशि को भी कम करके दर्शाया गया है। इस घोटाले में पार्टी के शीर्ष नेता भी शामिल हैं। सहरावत को पार्टी में महिलाओं के प्रति यौन-शोषण का मामला उठाने पर निलंबित किया गया था।
 
उन्होंने कहा कि बहुत दु:ख की बात है कि भ्रष्टाचार मिटाने के नाम पर राजनीति में आई पार्टी अब लोगों को धोखा दे रही है। 6 जून से सोमवार तक आप की वेबसाइट से पार्टी को चंदा देने वालों की सूची गायब कर दी गई है। कहीं पर तो नामों को पूरी तरह से हटा दिया गया है तो कई मामलों में धनराशि कम करके दिखाई गई है। 
 
उदाहरण देते हुए सहरावत ने कहा कि चंदा देने वाली प्रिया बंसल वाले मामले में पैन कार्ड तक नकली है। प्रिया मूवीज के नाम से फर्जी एकाउंट खोला गया। इसी तरह के और कई नाम भी शामिल हैं। पार्टी में जो भी गलत बात को उठाता है, ट्विटर के जरिए उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। पार्टी ने एक ऐसा समूह ऐसा बनाया है, जो केवल आवाज उठाने वालों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता है। 
 
पार्टी के पूर्व कार्यकर्ता नील टेरेन्स हस्लाम द्वारा जुटाए गए दस्तावेजों का जिक्र करते हुए सहरावत ने कहा कि जो जानकारियां मिली हैं, वे बहुत ही चौंकाने वाली हैं। अधिकतर खाते फर्जी और फर्जी पते और नाम से डाले गए हैं। चुनाव आयोग से चंदा छिपाया गया है। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
स्थिति सुधरने पर अर्द्धसैनिक बलों को वापस बैरकों में भेजेंगे : महबूबा