गुरुवार, 10 जुलाई 2025
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

उमा की वापसी के सवाल पर आडवाणी चुप

भाजपा
FILE
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने पार्टी से निष्कासित नेता उमा भारती की वापसी के बारे में पूछे गए सवालों से कन्नी काट ली। दरअसल, सोमनाथ मंदिर की यात्रा पर आडवाणी के साथ उमा भी यहाँ आई थी।

आडवाणी ने भाजपा में कभी कद्दावर नेता समझी जाने वाली उमा भारती की पार्टी में वापसी के बारे में पूछे गए सवालों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने मेरे साथ सोमनाथ आने की इच्छा जताई थी और इसी वजह से वह यहाँ है।

उमा के साथ आडवाणी, उनकी बेटी प्रतिभा और प्रदेश भाजपा के प्रभारी बलबीर पुंज ने आज यहाँ के प्रसिद्ध शिव मंदिर की यात्रा कर पूजा अर्चना की।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश की इस पूर्व मुख्यमंत्री को दिसंबर 2005 में भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने भारतीय जनशक्ति पार्टी नाम से खुद की पार्टी का गठन कर लिया था।

पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह के हाल ही में पार्टी में शामिल होने के बाद उमा की भी वापसी की अटकलें बढ़ गई हैं।

उधर, गुजरात के भाजपा नेताओं का मानना है कि इन दोनों नेताओं की साथ-साथ सोमनाथ यात्रा उमा की पार्टी में वापसी का मार्ग प्रशस्त कर सकती है। (भाषा)