1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. योग
  4. »
  5. आलेख

दृष्टिहीनों के लिए योगाभ्यास

दृष्टिहीनों के पुनर्वास में योग का योगदान

दृष्टिहीन
-डॉ. बांद्रे
ND
देश में 6 करोड़ से अधिक आबादी स्थायी रूप से दृष्टिहीन है। इनका पुनर्वास सरकार और समाज दोनों के लिए चुनौती है। दृष्टिहीन जितना अधिक आत्मनिर्भर होंगे समाज पर उतना बोझ कम होगा। पुनर्वास के अलावा दृष्टिहीनों के लिए पूर्ण रूप से स्वस्थ रहना भी एक महती समस्या है। चूँकि ये लोग मैदानी खेलकूद तथा दौड़भाग नहीं कर सकते इसलिए शारीरिक गतिविधियों को बनाए रखने के लिए योग से बढ़कर कुछ और नहीं है। इससे इनके शरीर में स्फूर्ति बनी रहती है एवं चयापचय क्रिया भी दुरुस्त रहती है।

दृष्टिहीनों के लिए योगाभ्यास कठिन नहीं होता साथ ही उन्हें इसके अनगिनत फायदे होते हैं। चूँकि दृष्टिहीन सभी कार्य मनोयोग से करते हैं इसलिए दो-तीन दिन के योगाभ्यास से ही उत्साहवर्धक नतीजे सामने आने लगते हैं। आसन, प्राणायाम और ध्यान उन्हें सहज ही सिद्ध हो जाते हैं।

दृष्टिबाधितों को किसी भी आसन को करके 'दिखाने' का कोई अर्थ नहीं है। इसलिए ब्रेल लिपि में चित्र बनाकर समझाना ज्यादा आसान होता है। दृष्टिबाधित तैरना, दौड़ना, पैदल घूमना आदि कोई कसरत नहीं कर पाते हैं इसलिए उनके शरीर का स्वाभाविक विकास एवं निरोगी जीवन जीने की संभावना क्षीण होती है। उनके पाचन संस्थान, श्वसन, रक्त संचरण, निष्कासन आदि संस्थानों के क्रिया-कलाप सुचारु रूप से नहीं काम करते हैं। उनके लिए योगासन एक वरदान के रूप में आता है। शरीर के लगभग सभी महत्वपूर्ण अंगों का क्रिया कलाप योगाभ्सास से सुचारु रूप से काम करने लगता है।

दृष्टिबाधितों के लिए आसन :
दृष्टिबाधितों के लिए मुख्य रूप से ताड़ासन, त्रिकोण आसन, हस्तपादासन, उत्करासन, अग्निसार क्रिया, कंधे, गर्दन का संचालन, ब्रह्ममुद्रा, मार्जरासन, शशकासन, पद्मासन, योगमुद्रा, भुजंगासन, शलभासन, धनुरासन, सर्वांगासन एवं शवासन के साथ नाड़ी शोधन, भ्रामरी प्राणायाम किया जा सकता है।

ध्यान की एकाग्रता से दृष्टिहीनों के मन में उदासीनता के भाव को कम किया जा सकता है। इससे उनकी कार्यक्षमता बढ़ाई जा सकती है। चाल में स्फूर्ति और अधिक आत्मविश्वास झलकता है। नियमित योगाभ्यास से दृष्टिबाधितों का हाजमा ठीक होकर अनावश्यक भूख पर नियंत्रण पाया जा सकता है। व्यक्तित्व के निखार में गर्दन, कमर सीधी रखने में सहजता होती है। चलने के दौरान गर्दन, कमर एक रेखा में रहते हुए खड़े रहने का तरीका बदल जाता है। इससे उनके व्यक्तित्व में आत्मविश्वास आता है।

दृष्टिबाधितों के योग विद्यालय हो:
भारत में दृष्टिबाधितों के विद्यालयों में इसका प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। दृष्टिहीन योग प्रशिक्षणों का पाठ्यक्रम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर होना चाहिए। यदि आपके आसपास कोई दृष्टिहीन हो तो उन्हें आप इस लेख के माध्यम से योगाभ्यास करा सकते हैं। दृष्टिहीनों के लिए योगाभ्यास कठिन नहीं होता साथ ही उन्हें इसके अनगिनत फायदे होते हैं। चूँकि दृष्टिहीन सभी कार्य मनोयोग से करते हैं इसलिए दो-तीन दिन के योगाभ्यास से ही उत्साहवर्धक नतीजे सामने आने लगते हैं। आसन, प्राणायाम और ध्यान उन्हें सहज ही सिद्ध हो जाते हैं।

भारत में दृष्टिबाधितों के विद्यालयों में इसका प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। दृष्टिहीन योग प्रशिक्षणों का पाठ्यक्रम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर होना चाहिए। यदि आपके आसपास कोई दृष्टिहीन हो तो उन्हें आप इस लेख के माध्यम से योगाभ्यास करा सकते हैं।

(लेखक पीएचडी, डी.लिट् (योग) एवं वरिष्ठतम योग शिक्षकों में से एक हैं। देश-विदेश के कई योग सम्मेलनों में शिरकत कर चुके हैं )