1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. एनआरआई
  4. »
  5. एनआरआई गतिविधि

नस्लीय हमले से भारतीय नागरिक की मौत

अलविदा कह गए इकराम

ऑस्ट्रेलिया
ND

कुछ ही दिन पहले ऑस्ट्रेलिया में भारतीयों पर नस्लीय हमले की घटनाएँ सामने आई थी। भारत सरकार के कड़े विरोध के बाद यह सिलसिला अभी थमा ही था कि अब लंदन में एक भारतीय नागरिक पर नस्लीय हमले की घटना हो गई।

गत 31 अगस्त को कोलकाता में जन्मे इकराम उल हक (67) दक्षिण लंदन में स्थित मस्जिद से अपनी पोती के साथ घर लौट रहे थे। तभी तीन किशोरों ने एक 40 वर्षीय व्यक्ति के साथ मिलकर टूटिंग इलाके में इकराम हक को बुरी तरह पीट दिया। यह इलाका एशियाई मूल के लोगों की भरमार वाला माना जाता है। यह पूरी घटना पाँच वर्षीय बच्ची मेरियन हक के सामने घटी।

अपने दादा पर हमला होते देख वह बुरी तरह सहम गई और कुछ देर तक कुछ भी कह पाने में असमर्थ रही। हालाँकि घटना में उसे कोई चोट नहीं आई है। पुलिस को घटना की जानकारी मेरियन ने दी, लेकिन पुलिस अब और भी प्रत्यक्षदर्शियों की गवाही चाहती है, ताकि दोषियों पर कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि श्री हक पर यह हमला नस्लीय था, लेकिन हमले के मूल कारण का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।

इकराम उल हक को इतनी बुरी तरह पीटा गया था कि उन्हें देखकर ही डॉक्टरों ने कह दिया कि इनका बच पाना मुश्किल है। पिछले सात दिनों से उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। रविवार को अंतिम बार उनके परिजनों ने उन्हें देखा। इसके बाद हक सोमवार को दुनिया से अलविदा कह गए।