• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव
  6. कांग्रेस बाहर से समर्थन दे-करात
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली (भाषा) , शुक्रवार, 24 अप्रैल 2009 (21:24 IST)

कांग्रेस बाहर से समर्थन दे-करात

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव प्रकाश करात
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव प्रकाश करात ने शुक्रवार को कहा कि तीसरे मोर्चे की सरकार को कांग्रेस यदि बाहर से समर्थन देती है तो वाम दलों को कोई ऐतराज नहीं होगा।

करात ने कहा कि वाम दल और तीसरे मोर्चे के उसके सहयोगी दल लोकसभा चुनाव के बाद भावी कार्रवाई के बारे में संयुक्त रूप से फैसला करेंगे। उन्होंने इन सवालों को टाल दिया कि यदि कांग्रेस मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाए जाने पर जोर नहीं देती तो क्या वाम दल कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के लिए सहमत होंगे या नहीं। उन्होंने कहा कांग्रेस बदलने वाली नहीं है।

करात ने कहा कि वाम दल केन्द्र में गैर कांग्रेस धर्म निरपेक्ष सरकार बनाने के पक्ष में हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा हमने तय किया है कि तीसरा मोर्चा सरकार बनाएगा। केन्द्र में गैर कांग्रेस सरकार हो सकती है और कांग्रेस बाहर से समर्थन दे सकती है।

माकपा नेता ने कहा कि इस मामले में फैसला अकेले वाम दलों का नहीं होगा बल्कि साझा समझ कायम की जाएगी और मित्रों एवं सहयोगियों को छोड़ा नहीं जाएगा। चाहे जो भी फैसला हो हम भलीभांति सलाह मशविरे के बाद ही कुछ तय करेंगे।

तीसरा मोर्चा है ही नहीं : माकपा नेता के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस ने वाम मोर्चा और तीसरे मोर्चे को खारिज करते हुए कहा कि तीसरे मोर्चे का कोई अस्तित्व नहीं है और 15 अगस्त को लाल किला पर जो व्यक्ति झंडा फहराएगा वह मनमोहन सिंह के अलावा कोई और दूसरा नहीं होगा।

कांग्रेस प्रवक्ता कपिल सिब्बल ने यहाँ संवाददाताओं से कहा हमें इस ऐतिहासिक तथ्य को समझ लेना चाहिए कि तीसरे मोर्चे का कोई अस्तित्व नहीं है और जो है ही नहीं उसकी बात क्यों करें।

माकपा महासचिव प्रकाश करात के प्रधानमंत्री बनने की इच्छा से संबंधित खबरों के बारे में एक प्रश्न पर सिब्बल ने कहा प्रकाश करात की बात क्यों करें। जो पार्टी 60 सीट से घटकर 30 सीट पर आने वाली है उसकी बात क्यों करें। फिर भी हम प्रकाश करात की सहायता करने को तैयार हैं। उन्हें जो भी तकलीफ है उसे हम दूर करने में मदद करेंगे।