शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. Lok Sabha 2024 : Congress fields Kanhaiya Kumar against Manoj Tiwari in NE Delhi
Last Updated :नई दिल्ली , सोमवार, 15 अप्रैल 2024 (12:55 IST)

मनोज तिवारी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे कन्हैया कुमार, कांग्रेस ने जारी की एक और लिस्ट

उत्तर-पश्चिम दिल्ली से उदित राज को टिकट

मनोज तिवारी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे कन्हैया कुमार, कांग्रेस ने जारी की एक और लिस्ट - Lok Sabha 2024 : Congress fields Kanhaiya Kumar against Manoj Tiwari in NE Delhi
Congress Lok Sabha candidate list :  लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की है। इसमें दिल्ली, पंजाब और उप्र के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। कांग्रेस ने आम चुनाव के लिए 10 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की। 
पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने  बताया कि केंद्रीय चुनाव समिति ने दिल्ली की तीन, पंजाब की 6 और उत्तर प्रदेश की एक लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों की सिफारिश की है जिन्हें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्वीकार कर लिया है।
 
पार्टी ने दिल्ली में चांदनी चौक लोकसभा सीट से जय प्रकाश अग्रवाल, उत्तर पूर्व से कन्हैया कुमार और उत्तर पश्चिम से उदित राज को टिकट दिया है। 
 
पंजाब में अमृतसर से गुरजीत सिंह आहुजा, पटियाला से धर्मवीर गांधी और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी जालंधर लोक सभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

प्रयागराज से उज्जवल रमण सिंह : कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री उज्जवल रमण सिंह को रविवार को इलाहाबाद सीट (प्रयागराज) से अपना उम्मीदवार घोषित किया। रमण सिंह का मुकाबला भाजपा के उम्मीदवार नीरज त्रिपाठी से होगा।
 
प्रयागराज की पूर्व रियासत 'बरांव' मुखिया व वरिष्ठ समाजवादी नेता कुंवर रेवती रमण सिंह के पुत्र उज्‍जवल रमण सिंह अभी हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं।
 
इसके पहले वे समाजवादी पार्टी में थे और पिता की परंपरागत करछना सीट से विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वह 2022 के विधानसभा चुनाव में पराजित हो गये थे।
 
इलाहाबाद में छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा। विपक्षी दलों के समूह 'इंडिया' गठबंधन के प्रमुख घटक दल समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस तथा तृणमूल कांग्रेस उत्तर प्रदेश में मिलकर चुनाव लड़ रही हैं, जहां 17 सीटों पर कांग्रेस, वहीं सपा 62 सीट पर और तृणमूल कांग्रेस एक सीट भदोही में चुनाव लड़ रही है।
 
इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र में उज्‍जवल रमण सिंह का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज त्रिपाठी से होगा। नीरज त्रिपाठी पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल और उत्तर प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दिवंगत केसरीनाथ त्रिपाठी के पुत्र हैं।