शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. समाचार
  4. लोकसभा चुनाव 2019 : दूसरे चरण का मतदान, 12 राज्यों की 95 सीटों पर वोटिंग
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , गुरुवार, 18 अप्रैल 2019 (18:55 IST)

लोकसभा चुनाव 2019 : दूसरे चरण में 61 फीसदी से ज्यादा मतदान

Lok Sabha Election Voting Live | लोकसभा चुनाव 2019 : दूसरे चरण का मतदान, 12 राज्यों की 95 सीटों पर वोटिंग
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 95 सीटों के लिए हुए चुनाव में आज साढे पांच बजे तक करीब 61 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

चुनाव आयोग द्वारा शाम पौने छह बजे जारी किए गए आंकड़ों के अुनसार 12 राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेश की 95 सीटों के चुनाव में औसतन 61.12 प्रतिशत मतदान हुआ।  मतदान से जुड़ी हर जानकारी...

-सायं 5 बजे तक उत्तर प्रदेश में 58.61, बिहार में 58, महाराष्ट्र में 57.22, असम में 73.32 प्रतिशत मतदान। 
-दूसरे चरण के मतदान के बीच राजस्थान के जोधपुर में योगगुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि बहुत से मुस्लिम और ईसाई देशों से मोदी को सत्ता में आने से रोकने के लिए हजारों करोड़ रुपए की फंडिंग आ रही है। 
-ओडिशा के गंजाम में वोटिंग के लाइन में खड़े 95 वर्षीय वृद्ध अचानक गिर पड़े। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

-उत्तर प्रदेश में 3 बजे तक 50 प्रतिशत मतदान।
-छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार नक्सल प्रभावित राजनांदगांव सीट के मोहला-मानपुर तथा कांकेर सीट के अन्तागढ़, भानुप्रतापपुर, केशकाल एवं कांकेर विधानसभा क्षेत्रों में सुरक्षा कारणों से मतदान दोपहर तीन बजे मतदान समाप्त हो गया। महासमुन्द सीट के बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा के अंतर्गत कुछ मतदान केन्द्रों पर भी मतदान तीन बजे खत्म हो गया। इन सीटों के अंतर्गत आने वाले मैदानी क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण जारी है। तीनों सीटों पर दोपहर तीन बजे तक औसतन 60 प्रतिशत मतदान हुआ है।
-राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार बिहार में अपराह्न तीन बजे तक करीब 46 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। बांका में सर्वाधिक 49.30 प्रतिशत, भागलपुर में सबसे कम 40 प्रतिशत लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। किशनगंज में 48 और कटिहार एवं पूर्णिया में 46-46 फीसदी वोट पड़े हैं।
-जम्मू कश्मीर में दोपहर 3 बजे तक 38.5 प्रतिशत मतदान। 
-पश्चिम बंगाल को चोपड़ा में भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में वोटिंग मशीन को नुकसान पहुंचा।
- बिहार में 2 बजे तक 38 फीसदी मतदान। 
- उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर मतदान पूरे उत्साहपूर्वक जारी है। दोपहर एक बजे तक शांतिपूर्ण माहौल के बीच करीब 39 प्रतिशत वोट पड़े।
- दोपहर एक बजे तक नगीना में 38.71 प्रतिशत, अमरोहा में 43.26 प्रतिशत, बुलंदशहर में 39.70 प्रतिशत, अलीगढ़ में 37.60 प्रतिशत, हाथरस में 41.18 प्रतिशत, मथुरा में 36.90 प्रतिशत, आगरा में 38.24 प्रतिशत और फतेहपुर सीकरी में 35.96 प्रतिशत वोट पड़े।
- छत्तीसगढ़ के तीन लोकसभा क्षेत्रों में एक बजे तक 47 फीसदी से ज्यादा मतदान
- महाराष्‍ट्र में 1 बजे तक 35.4% मतदान।  
- बिहार के पांच लोकसभा क्षेत्रों में दोपहर 12 बजे तक 25.6 प्रतिशत मतदान
- एएनएनआई के मुताबिक ओडिशा के कंधमाल में माओवादियों ने एक महिला मतदानकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। मतदानकर्मी की पहचान संजुक्ता दिगाल के रूप में की गई है। बरला गांव के निकट हुई इस घटना में माओवादियों ने वाहन को भी जला दिया।
- पश्चिम बंगाल भाजपा की महासचिव और राजगंज से प्रत्याशी देबाश्री चौधरी ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर बूथ कैप्चरिंग की कोशिश का आरोप लगाया है।
- पश्चिम बंगाल में सीपीएम सांसद मोहम्मद सलीम के काफिले पर हमला हुआ। जानकारी के मुताबिक सलीम को मामूली चोटें आई हैं। 
 
- पश्चिम बंगाल के उत्तरी दीनाजपुर के इस्लामपुर इलाके में सुरक्षाकर्मियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 34 पर प्रदर्शन कर रहे लोगों पर आंसूगैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। रोड रोककर प्रदर्शन कर रहे डिगिरपुर (चोपड़ा) के लोगों का आरोप था उन्हें वोट डालने से रोका गया।
- बुलंदशहर में भाजपा उम्मीदवार भोलासिंह को नजरबंद किया। पोलिंग बूथ में घुसने को लेकर सिंह की सुरक्षाकर्मियों से झड़प हो गई थी।
- उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के गज्जूपुरा गांव में बूथ नहीं बनाये जाने से नाराज स्थानीय लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया।
- तमिलनाडु में दोपहर 11 बजे तक 30.62 फीसदी मतदान।
- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव, महासमुंद तथा कांकेर लोकसभा क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। तीनों सीटों पर शुरुआती 3 घंटों में औसतन 26.2 प्रतिशत मतदान हुआ है। लगभग एक दर्जन स्थानों पर ईवीएम के खराब होने की सूचना मिली, जिन्हें या तो ठीक कर दिया गया या फिर बदल दिया गया।
- शादी विवाह की सीजन होने के कारण कई मतदान केन्द्रों पर दूल्हा एवं दुल्हन भी मतदान करने पहुंचे।
- यूपी की अमरोहा सीट से भाजपा उम्मीदवार कंवरसिंह तंवर ने आरोप लगाया कि पुरुष बुर्का पहनकर फर्जी वोट डाल रहे हैं। उनके मुताबिक मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
- सुबह 11 बजे तक मणिपुर में 32.18 % मतदान। यूपी में 11 बजे तक 24.31 प्रतिशत मतदान। 
- पश्चिम बंगाल के रायगंज से सीपीएम उम्मीदवार मोहम्मद सलीम की गाड़ी पर हमला।
- बिहार में भागलपुर संसदीय क्षेत्र के पांच बूथों पर मतदाताओं ने ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ के नारे को लेकर मतदान का बहिष्कार कर दिया।
- यूपी के बुलंदशहर में भाजपा प्रत्याशी भोलासिंह को पोलिंग बूथ में जाने से रोका। सुरक्षाकर्मियों की भाजपा नेता से तकरार। 
- 10 बजे तक बिहार में 19.5% मतदान। 
- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में चुनाव डि्यूटी के दौरान आज एक अधिकारी की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
- उत्तरप्रदेश कांग्रेस प्रमुख राज बब्बर ने मथुरा में किया मतदान। 
- सुबह 9 बजे तक असम में 9.51%, जम्मू कश्मीर में 0.99%, कर्नाटक में 1.14%, महाराष्‍ट्र में 0.85%, मणिपुर 1.78%, ओडिशा 2.15%, चंडीगढ़ में 7.75% और पुड्डुचेरी में 1.62% मतदान।
- कई स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में गड़बड़ी के कारण मतदान बाधित होने की खबरें मिली हैं।
- तमिलनाडु में गुरुवार को कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आने की वजह से मतदान प्रक्रिया में रुकावट आई।
- बुलंदशहर में कई स्थानों पर और अलीगढ़ एवं नगीना में भी कुछ जगहों पर ऐसी शिकायतें सामने आई हैं।
- डीएमके प्रमुख एम स्‍टालिन ने चेन्नई में किया मतदान। 
- कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदान के लिए लगी कतार।
- बिहार की 5 सीटों पर पहले एक घंटे में 5.7 फीसदी मतदान। 
- रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने बेंगलुरु के एक मतदान केंद्र पर डाला वोट। 
- मणिपुर की राज्यपाल नजमा हेप्तुल्ला ने राजधानी इम्फाल में किया मतदान। 
- रजनीकांत ने चेन्नई के स्टेला मैरिस कॉलेज में किया मतदान। 
- कमल हासन भी बेटी श्रुति हासन के साथ मतदान के लिए चेन्नई के अलवरपेट कॉपरेशन स्कूल पहुंचे। 
- चिदंबरम भी सुबह सात बजे ही मतदान के लिए पहुंचे।
- सुशील कुमार शिंदे ने सोलापुर में वोट डाला।
- 95 सीटों में 52 सीटें तमिलनाडु और कर्नाटक की हैं। उत्तरप्रदेश की 8 और बिहार की 5 सीटों पर भी मतदान जारी।
- महाराष्‍ट्र की 10, ओडिसा की 5, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ की 3-3, पुड्‍डुचेरी और मणिपुर की 1-1 सीटों पर हो रहा है मतदान। 
- पहले 97 सीटों पर वोटिंग होनी थी, लेकिन तमिलनाडु के वेल्लोर और त्रिपुरा-ईस्ट सीट पर रद्द हुआ चुनाव।
- उत्तर प्रदेश की जिन आठ सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें आगरा, मथुरा, नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस और फतेहपुर सीकरी शामिल हैं।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के लिए गुरुवार सुबह दूसरे चरण का मतदान शुरू होने के साथ ही युवाओं से मतदान करने की अपील की।
- मोदी ने ट्वीट किया, 'लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज मतदान शुरू हो गया। मैं आश्वस्त हूं कि आज जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, वहां मतदाता मताधिकार का प्रयोग करके लोकतंत्र को मजबूत करेंगे।'
- वहीं बिहार की किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका लोकसभा सीट के लिये भी दूसरे चरण में मतदान हो रहा है।
- अधिकांश सीटों पर सुबह सात बजे से शाम पांच से आठ बजे तक मतदान चलेगा।
- छत्तीसगढ़ की नक्सल प्रभावित सीटों पर सुबह सात बजे से दिन में तीन बजे तक और ओडिशा की कुछ सीटों पर सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
- तमिलनाडु की मदुरै सीट पर सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक मतदान चलेगा।
- दूसरे चरण में चुनाव वाली 95 सीटों पर 15.8 करोड़ मतदाता कुल 1635 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
- दूसरे चरण के चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा, द्रमुक नेता दयानिधि मारन, ए राजा, कनिमोई, महाराष्ट्र के पूर्ण मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजबब्बर, भाजपा की हेमा मालिनी, नेशनल कांफ्रेस के फारुख अब्दुल्ला और बसपा के दानिश अली की किस्मत दांव पर है।