शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. खास खबरें
  4. BJP super stars in Loksabha election
Written By विकास सिंह
Last Updated : बुधवार, 24 अप्रैल 2019 (11:32 IST)

लोकसभा चुनाव में भाजपा के नौ रत्न, बॉलीवुड से लेकर भोजपुरी सिनेमा के सुपर स्टार्स चुनावी मैदान में

लोकसभा चुनाव में भाजपा के नौ रत्न, बॉलीवुड से लेकर भोजपुरी सिनेमा के सुपर स्टार्स चुनावी मैदान में - BJP super stars in Loksabha election
2019 का लोकसभा चुनाव कई मयानों में भाजपा के लिए बहुत ही बदला हुआ है। इस चुनाव में भाजपा के वो पुराने चेहरे जिनके नाम से पार्टी पहचानी जाती थी जैसे लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती, सुषमा स्वराज चुनावी मैदान में नहीं दिखाई दे रहे हैं। चाल चरित्र और चेहरे की राजनीति करने वाली भाजपा का चेहरा इस चुनाव में बदला हुआ दिखाई दे रहा है।

लोकसभा चुनाव में अब तक सबसे अधिक फिल्मी सितारे भाजपा का टिकट पाकर उसका चेहरा बने हैं। पार्टी ने भोजपुरी सिनेमा के सुपर स्टारों से लेकर बालीवुड तक के सितारों को पार्टी में शामिल कर उनको चुनावी मैदान में उतारा है। पार्टी ने इन चेहरों को उन सीटों से टिकट दिया है जहां इनका जनाधार और लोकप्रियता काफी है।
 
मंगलवार को बॉलीवुड के सुपर सितारे सनी देओल का भाजपा में शामिल होना और फिर उनको पंजाब के गुरदासपुर से टिकट देना कुछ इसी की बानगी है। इससे पहले भाजपा ने भोजपुरी सिनेमा के बड़े स्टार दिनेश लाल यादव (निरहुआ) को पार्टी में शामिल करके समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने चुनावी मैदान में उतार दिया था।

रवि किशन – उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोकसभा सीट रही गोरखपुर से भाजपा ने इस बार भोजपुरी स्टार रवि किशन को टिकट दिया है। गोरखपुर में हुए लोकसभा का उपचुनाव हारने वाली भाजपा इस बाक रवि किशन के चेहरे के सहारे फिर इस सीट पर अपना कब्जा करने की कोशिश में है। चुनाव में रवि किशन की राह उतनी आसान नहीं है।

दिनेश लाल यादव (निरहुआ) - भाजपा ने भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार निरहुआ को उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने चुनावी मैदान में उतारा है। निरहुआ पूर्वी उत्तर प्रदेश में खासे लोकप्रिय है और भाजपा इसी लोकप्रियता को चुनाव में भुनाना चाहती है।
 
मनोज तिवारी –  भोजपुरी सिनेमा के स्टार और पार्टी के वर्तमान सांसद मनोज तिवारी को भाजपा ने एक बार फिर नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से अपना उम्मीदवार बनाया है। जिनका मुकाबला कांग्रेस की दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से होगा।

हंसराज हंस – लोकप्रिय पंजाबी और सूफी गायक हंसराज हंस को भाजपा ने नॉर्थ वेस्ट दिल्ली से अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने इस सीट से वर्तमान सांसद उदित राज का टिकट काट कर हंसराज हंस को अपना चेहरा बनाया है।

बाबुल सुप्रियो – पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से पार्टी ने फिर अपने वर्तमान सांसद बाबुल सुप्रियो को मैदान में उतारा है।
 
सनी देओल – बॉलीवुड स्टार सनी देओल को भाजपा ने पार्टी में शामिल करके के पंजाब के गुरदासपुर से चुनावी मैदान में उतारा है। गुरदासपुर से विनोद खन्ना भाजपा के सांसद रह चुके हैं। इस बार चुनाव में भाजपा गुरदासपुर से किसी ऐसे चेहरे की तलाश में थी जिसके साहरे सिख वोटों का ध्रुवीकरण किया जा सके। इसलिए पार्टी ने आनन फानन में सनी देओल को पार्टी में शामिल कर लिया।
 
हेमा मालिनी – सनी देओल की मां और भाजपा के वर्तमान सांसद हेमा मालिनी एक बार फिर उत्तर प्रदेश की मथुरा लोकसभा सीट से अपनी किस्मत अजमा रही हैं। चुनाव प्रचार के दौरान हेमा मालिनी का चुनाव प्रचार का अंदाज काफी चर्चा में रहा।
 
जयाप्रदा – उत्तर प्रदेश की हाईप्रोफाइल लोकसभा सीट रामपुर से भाजपा ने इस बार फिल्मी अभिनेत्री जयप्रदा को लोकसभा का टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा। जयाप्रदा भाजपा में आने से पहले समाजवादी पार्टी में भी रह चुकी हैं। टिकट एलान से कुछ घंटे पहले पार्टी में शामिल हुई जयप्रदा को भाजपा ने समाजवादी पार्टी के बड़े नेता आजम खान के खिलाफ चुनाव लड़वाया। पूरे चुनाव प्रचार के समय आजम खान और जयप्रदा अपने बयानों के कारण देश भर में चर्चा के केंद्र में रहे।
 
किरण खेर – भाजपा ने एक बार फिर अपने वर्तमान सांसद किरण खेर को चंड़ीगढ़ से चुनाव मैदान में उतारा है।