शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. डॉयचे वेले
  3. डॉयचे वेले समाचार
  4. World s son in law
Written By
Last Modified: मंगलवार, 10 अक्टूबर 2017 (11:36 IST)

ये हैं दुनिया के नामी दामाद

ये हैं दुनिया के नामी दामाद - World s son in law
भारत हो या पाकिस्तान, अमेरिका या तुर्की, आजकल हर जगह दामाद सुर्खियों में नजर आते हैं। चलिए डालते हैं एक नजर दुनिया के कुछ सबसे चर्चित दामादों पर।
 
रॉबर्ट वाड्रा
भारत में जिस दामाद की सबसे ज्यादा चर्चा होती है वह हैं रॉबर्ट वाड्रा। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद वाड्रा अकसर सुर्खियों में रहते हैं। कभी उनके जमीन के सौदों पर उंगलियां उठी हैं तो कभी उनकी सुरक्षा तामझाम पर।
 
मोहम्मद सफदर
पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का परिवार भ्रष्टाचार के जिन आरोपों में घिरा है, उसके लपेटे में उनके दामाद मोहम्मद सफदर में भी आये हैं। वह नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज के पति हैं और खुद भी सांसद हैं।
 
जैरेड कुशनर
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर उस समय सुर्खियों में आए जब ट्रंप ने राष्ट्रपति पद संभालते ही उन्हें अपना वरिष्ठ सलाहकार बनाया। 36 साल की उम्र में यह पद हासिल करने वाले कुशनर ट्रंप की बेटी इवांका के पति हैं।
 
बेरात अलबायराक
तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोवान के दामाद बेरात अलबायराक तुर्की की सरकार में ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधन मंत्री हैं। विकीलीक्स ने अलबायराक के हजारों ईमेल सार्वजनिक करते हुए दावा किया कि उनका संबंध इस्लामिक स्टेट से तेल आयात करने वाली कंपनियों से रहा है।
 
किरिल शामालोव
किरिल शामालोव रूसी राष्ट्रपति पुतिन के दामाद हैं जिनकी शादी उनकी छोटी बेटी कैटरीना तीखोनोवा से हुई है। किरिल पुतिन के एक दोस्त के बेटे बताये जाते हैं। वह पेशे से कारोबारी हैं और उनकी संपत्ति दो अरब डॉलर के आसपास बतायी जाती है।
 
आसिफ अली जरदारी
पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी भी नामी दामादों की सूची में शामिल किये जाते हैं। उनके ससुर जुल्फिकार अली भुट्टो पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री थे जबकि उनकी पत्नी भी दो बार इस पद पर रहीं।
 
चंद्रबाबू नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री की पत्नी का नाम नारा भुवनेश्वरी है जो मशहूर फिल्म अदाकार और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एनटी रामाराव की बेटी हैं। नायडू ने अपने ससुर के खिलाफ बगावत कर सियासी कामयाबी की सीढ़ियां चढीं।
ये भी पढ़ें
ये हैं भारत के 10 सबसे अमीर अरबपति