शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. डॉयचे वेले
  3. डॉयचे वेले समाचार
  4. Restricted books
Written By
Last Modified: सोमवार, 23 अक्टूबर 2017 (12:52 IST)

मशहूर लेकिन प्रतिबंधों में जकड़ी किताबें

मशहूर लेकिन प्रतिबंधों में जकड़ी किताबें | Restricted books
हैरी पॉटर से लेकर डिक्शनरी तक यहां उन किताबों को देखिये जो बहुत मशहूर हुईं लेकिन साथ ही उन पर पाबंदियों की बेड़ियां भी लगाई गईं।
 
हैरी पॉटर
जे के रॉलिंग की लिखी इस किताब ने 2000 से 2009 तक दुनिया को अपने जादू से अभिभूत किये रखा लेकिन धार्मिक गुटों ने इस पर पाबंदी की मांग भी की। अमेरिका में कई ईसाई पाठकों ने इसे शैतानी कहा और इसकी प्रतियां जलाईं गईं। संयुक्त अरब अमीरात के स्कूलो ने तो इन पर बकायदा पाबंदी ही लगा दी।
 
द ब्रदर ग्रिम्स फेरी टेल्स
क्या कोई परियों की कहानियां भी प्रतिबंधों में जकड़ सकता है, सुन कर हैरानी होती है लेकिन दुनिया में बच्चों की किताबों पर बड़ी बंदिशें हैं। ग्रिम बंधुओँ की कहानियां भी इससे अछूती नहीं। 1989 में कैलिफोर्निया के एक स्कूल ने इसे पढ़ने पर रोक लगा दी क्योंकि इस किताब में एक जगह लिखा था दादी मां की लाई वाइन ने उसे अच्छा महसूस कराया।
 
जेम्स एंड द जायंट पीच
1961 में छपे एक बच्चे के जादुई रोमांच की कहानियों को भी प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा। इस कहानी में तंबाकू, व्हिस्की और कुछ दूसरे शब्दों को लेकर 1990 में आपत्ति जताई गई। इसके अलावा ओहायो के एक किताब विक्रेता ने यह भी दावा किया कि यह किताब कम्युनिज्म की वकालत करती है।
 
लज्जा
1992 में भारत के अयोध्या में बाबरी मस्जिद को गिराये जाने के बाद पड़ोसी देशों में भी दंगे शुरू हो गये। बांग्लादेश की मुस्लिम लेखिका तस्लीमा नसरीन ने इसी पर एक किताब लिखी लज्जा जिसे लेकर भारी विवाद हुआ और इस पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इस किताब के कारण तस्लीमा नसरीन को जान बचाने क लिए अपना देश छोड़ना पड़ा। कई सालों तक पश्चिमी देशों में रहने के बाद अब वे भारत के कोलकाता में रहती हैं।
 
वेयर द वाइल्ड थिंग्स आर, मौरिस सेंडेक
युवा मैक्स बुरा बर्ताव करता है और उसे बिना भोजन के ही सोने के लिए भेज दिया जाता है। भूखा बच्चा अपने कमरे को एक रहस्यमय जंगल में बदलते देखता है। 1963 में छपी सेंडक की इस तस्वीरों वाली किताब में केवल 338 शब्द हैं तो भी इसे किताब को इसकी विषयवस्तु के कारण प्रतिबंधित किया गया। यहां तक कि इसे 3-4 साल के बच्चों के लिए मनोवैज्ञानिक नुकसान वाला बताया गया।
 
द वंडरफुल विजार्ड ऑफ ओज, एल फ्रांक बाउम
पहली बार साल 1900 में छपे एल फ्रांक बाउम के इस उपन्यासों की सीरीज ने अमेरिका में कई मुश्किलों का सामना किया। 1928 में इसे शिकागो के सार्वजनिक पुस्तकालयों में रखने पर रोक लगी। आरोप लगा "महिलाओँ को मजबूत नेतृत्व की भूमिका में दिखाने का।" फिर 1957 में भी इन्हीं आरोपों पर डेट्रॉयट में इसे प्रतिबंधित किया गया। अब भी कई गुट यह दावा करते हैं कि ये किताब जादू टोने को बढ़ावा देती है।
 
मेफिस्टो, क्लाउस मान
यह एक महत्वाकांछी अभिनेता हेंड्रिक हॉफगेन की कहानी है जो नाजियों के सत्ता में आने पर उनके साथ मिल गया। मेफिस्टो पहली बार नीदरलैंड्स में 1936 में छपा और जर्मनी में 1956 तक नहीं आया। 60 और 70 के दशक में याचिका दायर की गई कि यह उपन्यास वाइमार रिपब्लिक के अत्यंत प्रभावशाली अभिनेता गुस्ताफ ग्रुंडगेन्स के जीवन की सत्य घटनाओं पर आधारित है।
 
हार्ट ऑफ डार्कनेस, जोसेफ कोनराड
पोलैंड में जन्मे ब्रिटिश लेखक जोसेफ कोनराड की 1902 में आई यह किताब कॉन्गो को बेल्जियम का उपनिवेश बनाने की तस्वीर बयान करती है। यह किताब आत्मकथ्यात्मक शैली में है और लेखक की जीवनी भी साथ साथ चलती है। रंगभेद और साम्राज्यवाद का जिक्र करती इस किताब को अमेरिका के कई स्कूलों में हिंसक विषयवस्तु के नाम पर प्रतिबंधित किया गया।
 
सैटनिक वर्सेज
सलमान रुश्दी की इस किताब पर भारत में प्रतिबंध लगाया गया। लेखक सलमान रुश्दी के खिलाफ कई देशों में भारी प्रदर्शन हुए और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गयी। कई सालों के बाद उनके भारत के एक कार्यक्रम में आने को लेकर भी बड़ा विवाद हुआ।
 
एनिमल फॉर्म, जॉर्ज ऑरवेल
1945 में ऑरवेल के इस राजनीतिक व्यंग्य में रूसी क्रांति और सोवियत इतिहास का चर्चा है। आश्चर्य नहीं कि इस पर रूस में प्रतिबंध है और सीआईए ने शीत युद्ध के दौरान इसका खूब प्रचार किया। इस उपन्यास को अब कई फीचर और एनिमेशन फिल्मों में ढाल दिया गया है इसके साथ ही कई नाटक और रेडियो कार्यक्रम भी बनाये गये हैं। अमेरिका के कई स्कूलों में इसे अनिवार्य रूप से पढ़ाया जाता है।
 
द अलकेमिस्ट, पाउलो कोएल्हो
दुनिया की यह विख्यात किताब ईरान में भी मशहूर है जबकि इस किताब के साथ ही पाउलो कोएल्हो की हर रचना पर ईरान में प्रतिबंध है। कोई आधिकारिक कारण तो नहीं बताया गया लेकिन 2009 में दिखे एक वीडियो को इसकी वजह बताया जाता है। इसमें कोएल्हो के ईरानी संपादक अराश जेजाजी को एक युवा महिला की जान बचाते देखा गया जिसकी तेहरान में चुनाव के बाद हुए प्रदर्शनों के दौरान गोली लगने से मौत हुई थी।
 
द डायरी ऑफ यंग गर्ल, एन फ्रैंक
दुनिया की सबसे विख्यात किताबों में से एक है द डायरी ऑफ यंग गर्ल। यह उस जर्मन लड़की की डायरी है जो बर्गेन बेल्सेन के यातना शिविर में मर गयी। 2010 में वर्जीनिया में किताब के कई सैक्सुअल पैराग्राफ को लेकर चिंता जताई गयी, इसी तरह की शिकायतें 2014 में मिशिगन से भी आई थीं।
 
लोलिता, व्लादीमिर नाबोकोव
एक अधेड़ उम्र के प्रोफेसर के मन में 12 साल की लड़की से दीवानगी की हद तक चाहत ने दुनिया भर में हंगामा मचाया। लोलिता पर ना सिर्फ फ्रांस में प्रतिबंध लगा जहां यह 1955 में छपी थी बल्कि ऑस्ट्रेलिया में भी रोक लगी। इसकी विषयवस्तु ने ब्रिटिश रूढ़िवादी नेता निगेल निकोल्सन का करियर भी खत्म कर दिया। निकोल्सन के प्रकाशन संस्थान ने ही इस किताब को ब्रिटेन में जारी किया था।
 
फ्रांकेस्टाइन, मैरी शेले
ब्रिटिश लेखिका मैरी शेले का यह मशहूर उपन्यास डॉ विक्टर फ्रांकेस्टाइन की कहानी है। फ्रांकेस्टाइन वैज्ञानिक थे और उन्होंने एक ऐसी रचना की जिसने धार्मिक नेताओं को विभाजित कर दिया। इस किताब ने अमेरिका के धार्मिक समुदायों के बीच जबर्दस्त बवाल मचाया और आखिरकार 1955 में इसे प्रतिबंधित कर दिया गया।
 
द डिक्शनरी
प्रतिबंधित किताबों की इस सूची में मशहूर ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी भी शामिल है। अंग्रेजी भाषा की इस मशहूर डिक्शनरी के 10वें संस्करण को कैलिफोर्निया के कई स्कूलों से 2010 में हटा दिया गया। अभिभावकों ने शिकायत की थी कि यह इस किताब में लोगों के यौन व्यवहारों की का विस्तृत ब्यौरा है जिसे बच्चों के लिए उचित नहीं है।
ये भी पढ़ें
कितना खाते हैं भारत के लोग