• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Shivsena to Sachin tendulkar, Boycott All Govt Events
Written By
Last Modified: मुंबई , शुक्रवार, 4 जनवरी 2019 (11:40 IST)

राजकीय सम्मान से नहीं हुआ रमाकांत आचरेकर का अंतिम संस्कार, नाराज शिवसेना ने सचिन को दी यह सलाह

राजकीय सम्मान से नहीं हुआ रमाकांत आचरेकर का अंतिम संस्कार, नाराज शिवसेना ने सचिन को दी यह सलाह - Shivsena to Sachin tendulkar, Boycott All Govt Events
मुंबई। सचिन तेंदुलकर के कोच रमाकांत आचरेकर का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ नहीं किए जाने पर नाराजगी जताते हुए शिवसेना सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को मास्टर ब्लास्टर से भविष्य में सरकारी कार्यक्रमों का बहिष्कार करने को कहा।
 
राउत ने ट्वीट किया, 'पद्मश्री एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित रमाकांत आचरेकर का अंतिम संस्कार महाराष्ट्र सरकार ने राजकीय सम्मान एवं आदर के साथ क्यों नहीं किया? सरकार ने रमाकांत आचरेकर के प्रति असम्मान दिखाया है। सचिन तेंदुलकर को अब से सरकारी कार्यक्रमों का बहिष्कार करना चाहिए।' बता दें कि आचरेकर का उम्र संबंधी बीमारियों के चलते 87 की उम्र में बुधवार को निधन हो गया था।
 
महाराष्ट्र सरकार में वरिष्ठ मंत्री ने गुरुवार को कहा था कि सरकारी स्तर पर संवादहीनता के चलते आचरेकर का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ नहीं हो पाया।
 
प्रसिद्ध क्रिकेट कोच के अंतिम संस्कार के मौके पर राज्य सरकार का प्रतिनिधित्व करने वाले महाराष्ट्र के आवासन मंत्री प्रकाश मेहता ने कहा कि आचरेकर का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ नहीं किया जाना दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।
 
तेंदुलकर, विनोद कांबली, बलविंदर सिंह, चंद्रकांत पंडित, प्रवीण आमरे, संजय बांगर और रमेश पवार जैसे क्रिकेटरों के करियर को आकार देने में उनके उत्कृष्ट योगदान की सरहाना करते हुए शिवसेना ने पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में एक संपादकीय में कहा कि राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार नहीं किया जाना परेशान करने वाला एवं दुखद है। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी कोच का खुलासा, टिम पेन और तेज गेंदबाजों में भ्रम की स्थिति