शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Rohit Sharma
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , गुरुवार, 2 अक्टूबर 2014 (18:52 IST)

टी-20 श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे रोहित शर्मा

टी-20 श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे रोहित शर्मा - Rohit Sharma
नई दिल्ली। कंधे की चोट से पीड़ित भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा का 8 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हो रही सीमित ओवरों की श्रृंखला में नहीं खेल पाना लगभग तय है। रोहित चोट के कारण चैंपियंस लीग ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट में भी नहीं खेल पाए थे।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे श्रृंखला के दौरान अंगुली की चोट से पीड़ित हुए रोहित शुरुआत में 4 हफ्तों के लिए क्रिकेट से दूर हुए थे। वे अंगुली की चोट से तो उबर आए लेकिन उनकी कंधे की चोट ने उन्हें अब भी परेशान कर रखा है।
 
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि फ्रैक्चर हुई हड्डी को ठीक करने के लिए हाथ के अंदर दो पिन लगाए गए थे और अब मेरी जानकारी के अनुसार इन्हें निकाल दिया गया है। रोहित हाथ में अब बेहतर महसूस कर रहे हैं।
 
रोहित को बीसीसीआई के बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में फिजियो की देखभाल में रखा गया है और उनके 30 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हो रही 3 टेस्ट मैचों की श्रृंखला में वापसी करने की उम्मीद है।
 
भारत रोहित की गैरमौजूदगी में अजिंक्य रहाणे और शिखर धवन को ही सलामी बल्लेबाज के रूप में मैदान में उतार सकता है। इसके अलावा मुरली विजय को रिजर्व विकल्प के रूप में रखा जा सकता है।
 
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 वनडे और एक टी-20 मैच खेलेगी। रोहित के 25 अक्टूबर को कानपुर में खेले जाने वाले 3 दिवसीय अभ्यास मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ बोर्ड अध्यक्ष एकादश की ओर से खेलने की संभावना है। (भाषा)