शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Mahendra Singh Dhoni
Written By
Last Updated :न्यू जर्सी , सोमवार, 31 अगस्त 2015 (23:58 IST)

अमेरिका पहुंचे धोनी, टीम इंडिया के समर्थन की अपील

अमेरिका पहुंचे धोनी, टीम इंडिया के समर्थन की अपील - Mahendra Singh Dhoni
न्यू जर्सी। अमेरिका में छुट्टियां मनाने गए भारतीय वनडे क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने यहां अप्रवासी भारतीयों से मुलाकात कर उनसे टीम का समर्थन करते रहने की अपील की।      
   
अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित सिद्धिविनायक मंदिर में पत्नी साक्षी और झारखंड राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो के साथ पूजा अर्चना करने पहुंचे धोनी ने कहा कि आप सभी हमारी टीम का समर्थन करते रहिए। हमारी टीम अच्छी है और अभी बहुत सारे बदलावों से गुजर रही है लेकिन आप सब के समर्थन से हम लगातार बेहतर करते रहेंगे।
         
प्रशंसकों की जबर्दस्त भीड़ और समर्थन से उत्साहित धोनी ने कहा 'मैं विश्व के बहुत से देशों में गया हूं, जिनमें से ज्यादातर क्रिकेट खेलने वाले देश हैं लेकिन यहां आकर मुझे बहुत अच्छा लगा। यह बात वास्तव में सराहनीय है कि लोग दूसरे देश में रहने के बावजूद अपने संस्कारों को भूले नहीं हैं और दोनों देशों की संस्कृतियों को साथ लेकर चल रहे हैं। इससे सबको प्रेरणा लेनी चाहिए।'
         
धोनी इससे पहले अमेरिका जाने पर केवल परिवार के सदस्यों के साथ ही निजी समय बिताते हैं। लेकिन इस बार साधारण जींस और टीशर्ट में पहुंचे धोनी ने सार्वजनिक तौर पर लोगों से मुलाकात की और  वहां मौजूद लोगों के साथ   सेल्फी ली। मंदिर प्रबंधन की तरफ से उन्हें विशेष स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया गया।  
          
दो घंटे तक चले कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक नृत्य का प्रदर्शन किया और लगभग 200 लोगों ने इसमें शिरकत की। मंदिर अभी निर्माणाधीन ही है और इसको लोगों के लिए सार्वजनिक तौर पर इस वर्ष के अंत में खोल दिया जाएगा। 
          
34 वर्षीय धोनी ने कहा कि अमेरिका में क्रिकेट का खेल लोकप्रिय नहीं है और कई बार लोग इसको बेसबॉल जैसा समझ लेते हैं। जिस वजह से उन्हें यहां पर लोगों को क्रिकेट के बारे में समझाना पड़ता है।
             
वर्ष 2004 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पर्दापण करने वाले धोनी ने अपने घरेलू शहर रांची का जिक्र करते हुए कहा कि एक बार विदेशी दौरे पर एक व्यक्ति ने रांची को गलती से पाकिस्तान का कराची समझ लिया था, जिसके बाद उन्हें समझाना पड़ा कि रांची खनिज संपदा से भरपूर भारत के झारखंड राज्य की राजधानी है। (वार्ता)